खेल/मनोरंजन

थराली की महिला रामलीला में रावण-अंगद संवाद और लक्ष्मण शक्ति का भावपूर्ण मंचन

 

थराली, 21 नवंबर (हरेन्द्र बिष्ट)। नगर पंचायत थराली में आयोजित नवदुर्गा महिला जागृति रामलीला के नौवें दिन रावण-अंगद संवाद, लक्ष्मण-मेघनाद युद्ध, लक्ष्मण शक्ति और हनुमान द्वारा संजीवनी बूटी लाने के प्रसंगों का शानदार मंचन किया गया। महिला कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रामलीला के समापन की ओर बढ़ने के साथ ही दर्शकों की संख्या में भी लगातार वृद्धि हो रही है।

नगर पंचायत थराली में नवदुर्गा महिला जागृति रामलीला का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जा रहा है। शुक्रवार को नौवें दिन रावण के दरबार में अंगद के पहुंचने और दोनों के बीच हुए संवाद का भावपूर्ण मंचन किया गया। इसके बाद लक्ष्मण और मेघनाद के बीच युद्ध तथा मेघनाद के शक्तिबाण से लक्ष्मण के मूर्छित होने का मार्मिक दृश्य प्रस्तुत किया गया। लक्ष्मण के प्राणों की रक्षा के लिए हनुमान द्वारा संजीवनी बूटी लाने के प्रसंग ने दर्शकों को विशेष रूप से प्रभावित किया।

रामलीला में सभी प्रमुख पात्रों की भूमिकाएं महिलाओं द्वारा निभाए जाने की पहल को दर्शकों की विशेष सराहना मिल रही है। महिला कलाकारों का अभिनय, संवाद अदायगी और मंच संचालन आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। रामलीला देखने के लिए थराली तहसील के अलावा दूरदराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

नवदुर्गा महिला जागृति रामलीला कमेटी की अध्यक्ष मीना बिष्ट, उपाध्यक्ष कमला थपलियाल, सचिव सुनीता बिष्ट, कोषाध्यक्ष सुमन फर्स्वाण सहित कविता चंदोला, रीता भंडारी, उमा उनियाल, कला रावत और सरोजिनी देवराड़ी ने अतिथियों एवं दर्शकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि रामलीला के प्रति लोगों का बढ़ता आकर्षण और महिला कलाकारों को मिल रहा प्रोत्साहन आयोजन समिति के लिए उत्साहवर्धक है। उन्होंने रामलीला के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!