Front Pageराष्ट्रीय

धारचूला पुल और बनबसा चेकपोस्ट से भारत-नेपाल आवाजाही होगी आसान

उत्तराखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों के व्यापार और संपर्क को मिलेगी मजबूती; दोधारा-चांदनी में भी चेकपोस्ट का काम तेज होगा

PM at the ceremonial reception of the Prime Minister of Nepal, Mr. Balendra Shah at Rashtrapati Bhavan, in New Delhi on November 23, 2026.

नयी दिल्ली, 23  नवंबर ।  भारत और नेपाल ने सीमा-पार संपर्क, व्यापार और विकास सहयोग बढ़ाने के लिए कई नई पहल की हैं। भारत के प्रधानमंत्री और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की वार्ता के बाद उत्तराखंड के धारचूला में सड़क पुल का उद्घाटन किया गया, जबकि बनबसा में एकीकृत जांच चौकी की आधारशिला रखी गई। नेपाल की ओर दोधारा-चांदनी में भी एकीकृत जांच चौकी का काम तेजी से आगे बढ़ाने पर सहमति बनी है।

संयुक्त वक्तव्य के अनुसार, इन परियोजनाओं से उत्तराखंड और नेपाल के बीच व्यापार तथा लोगों की आवाजाही अधिक सुविधाजनक होगी। सीमा पार आने-जाने वाले लोगों और माल की जांच के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित होने से सीमावर्ती क्षेत्रों के संपर्क को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। उत्तराखंड के लिए यह पहल खास महत्व रखती है, क्योंकि राज्य की नेपाल से लंबी सीमा लगती है और दोनों ओर के लोगों के सामाजिक तथा कारोबारी संबंध पुराने हैं।

दोनों देशों ने सड़क, रेल और सीमा संपर्क से जुड़ी परियोजनाओं को भी गति देने का निर्णय लिया। नेपाल के पारगमन व्यापार को सुगम बनाने के लिए भारत के कांडला और पारादीप बंदरगाहों तक पहुंच उपलब्ध कराने की बात कही गई। भारत ने नेपाल में अगस्त में आई बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा भी की।

ऊर्जा सहयोग के तहत लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना की आधारशिला रखी गई। भारत ने अरुण-3 परियोजना को समय पर पूरा करने की प्रतिबद्धता जताई। दोनों देशों ने नेपाल की नदियों से स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन और भारत के ऊर्जा बाजार के जरिए उसके उपयोग की संभावनाओं पर भी जोर दिया।

ईंधन और जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति को मजबूत करने के लिए मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन के दूसरे चरण का लोकार्पण तथा झापा पेट्रोलियम टर्मिनल की आधारशिला रखी गई। नेपाल में स्टार्टअप इनक्यूबेटर, नवाचार केंद्र, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान का परिसर और कृषि-औद्योगिक पार्क विकसित करने में सहयोग की भी घोषणा हुई।

धार्मिक और सांस्कृतिक संपर्क बढ़ाने के लिए ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ ट्रेन सेवा शुरू की गई है। वक्तव्य के अनुसार, इससे अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जनकपुर की यात्रा सुगम होगी। भारत और नेपाल ने बोधगया, लुम्बिनी तथा दोनों देशों के अन्य बौद्ध और शिव-शक्ति से जुड़े पवित्र स्थलों के बीच संपर्क बढ़ाने पर भी सहमति जताई।

दोनों प्रधानमंत्रियों ने साझा इतिहास, संस्कृति और जन-संपर्क को भारत-नेपाल संबंधों का आधार बताया और भविष्य के सहयोग के लिए एक संयुक्त दृष्टि दस्तावेज जारी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!