Front Page

मंदिर में सादगी से विवाह के बंधन में बंधे दो एसडीएम

 

फिजूलखर्ची से बचने का दिया संदेश, चमोली में पहले भी पेश की जा चुकी है ऐसी मिसाल

— दिग्पाल गुसाईं —

गौचर, 23 नवंबर। कर्णप्रयाग के उप जिलाधिकारी अलकेश नौडियाल और भिकियासैंण की उप जिलाधिकारी याक्षी अरोड़ा ने कर्णप्रयाग के उमा देवी मंदिर में सादगीपूर्ण ढंग से विवाह कर समाज को फिजूलखर्ची से बचने का संदेश दिया है। चमोली जिले में अपनी तैनाती के दौरान मंदिर में विवाह करने वाले नौडियाल दूसरे प्रशासनिक अधिकारी हैं। इससे पहले तत्कालीन जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने गोपेश्वर के गोपीनाथ मंदिर में सादगी से विवाह किया था।

देवी-देवताओं की भूमि के रूप में विख्यात चमोली जिले में प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से विवाह में सादगी अपनाने की पहल की खूब सराहना हो रही है। करीब दो साल पहले चमोली के तत्कालीन जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने गोपेश्वर के गोपीनाथ मंदिर में कुमाऊं मंडल की रहने वाली एक चिकित्सक से सादगीपूर्वक विवाह किया था। उनके इस निर्णय की जिले ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में सराहना हुई थी।

इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कर्णप्रयाग के उप जिलाधिकारी अलकेश नौडियाल ने शनिवार, 21 नवंबर को उमा देवी मंदिर में भिकियासैंण की उप जिलाधिकारी याक्षी अरोड़ा के साथ वैदिक रीति-रिवाजों से विवाह किया। इस अवसर पर वर-वधू पक्ष के परिजन मौजूद रहे। मूल रूप से उत्तरकाशी जिले के निवासी नौडियाल करीब चार माह पहले कर्णप्रयाग के उप जिलाधिकारी पद पर तैनात हुए थे।

दिलचस्प बात यह है कि नौडियाल पिछले एक माह से मेलाधिकारी के रूप में गौचर औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले की तैयारियों में जुटे हुए थे। 14 नवंबर से शुरू हुए सात दिवसीय मेले के दौरान भी वह जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और पत्रकारों के साथ लगातार संपर्क में रहे, लेकिन उन्होंने अपने विवाह की तैयारियों की भनक तक किसी को नहीं लगने दी।

20 नवंबर को गौचर मेले के सफल समापन के बाद वह कर्णप्रयाग पहुंचे और अगले ही दिन उमा देवी मंदिर में विवाह के बंधन में बंध गए। विवाह की जानकारी मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों ने नवदंपती से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

शादी-विवाह में बढ़ते दिखावे और भारी खर्च के इस दौर में दो प्रशासनिक अधिकारियों का मंदिर में सादगी से विवाह करने का निर्णय समाज के लिए एक प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आया है। क्षेत्र में उनके इस निर्णय की व्यापक सराहना हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!