स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर लक्ष्मण सिंह रावत सम्मानित
गौचर, 23 नवंबर (गुसाईं)। सामाजिक कार्यों, कृषि और स्वरोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह रावत को गौचर प्रेस क्लब ने सम्मानित किया। रावत अपने गांव में कृषि, बागवानी और डेयरी व्यवसाय को बढ़ावा देकर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित कर रहे हैं।
चमोली जिले के नारायणबगड़ विकासखंड के ईड़ा गांव निवासी लक्ष्मण सिंह रावत ने बताया कि एक ओर जहां बेहतर सुख-सुविधाओं और रोजगार की तलाश में लोग गांवों से पलायन कर रहे हैं, वहीं उन्होंने अपने गांव में ही खेती और बागवानी को बढ़ावा देकर स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने की पहल की है। वह स्वयं भी जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए ग्रामीणों के साथ खेतों में काम करते हैं।
रावत ने बताया कि वह कीवी, अरबी, मौसमी, सेब, प्लम और मशरूम के उत्पादन के साथ ही डेयरी व्यवसाय को भी बढ़ावा दे रहे हैं। वर्तमान में उनके पास 20 दुधारू गायें हैं। इसके अलावा सरकारी निर्माण कार्यों, सौर ऊर्जा तथा आशा पर्यटन, पर्यावरण एवं ग्रामीण विकास समिति के माध्यम से सैकड़ों लोगों को रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं।
सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रावत समय-समय पर महिला मंगल दलों और परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करते हैं।
इस अवसर पर गौचर प्रेस क्लब के अध्यक्ष खुशाल सिंह असवाल, सलाहकार दिग्पाल गुसाईं तथा सदस्य प्रदीप लखेड़ा, संदीप शाह आदि मौजूद रहे।

