क्षेत्रीय समाचार

पिंडर घाटी में जाम से निजात दिलाने को पुलिस ने किसी कमर, 19 वाहनों के चालान

थराली, 24 नवंबर (हरेन्द्र बिष्ट)। पिंडर घाटी के प्रमुख बाजारों में आए दिन लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए थराली थाना पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने और बिना हेलमेट यात्रा करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जा रही है। अभियान के पहले दिन मंगलवार को थराली बाजार में 19 दोपहिया वाहनों के चालान किए गए।

पिंडर घाटी के नारायणबगड़, थराली, देवाल सहित अन्य प्रमुख बाजारों में लंबे समय से बेतरतीब पार्किंग यातायात व्यवस्था के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। बाजारों में सड़क किनारे आड़े-तिरछे खड़े दोपहिया वाहनों के कारण आए दिन घंटों जाम लगता है, जिससे स्थानीय लोगों के साथ ही यात्रियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

कई स्थानीय व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों के सामने सड़क पर ही दोपहिया वाहन खड़े कर देते हैं। उनकी देखा-देखी बाजार आने वाले अन्य वाहन चालक भी सड़क किनारे वाहन खड़े कर देते हैं। इससे पहले से ही संकरी सड़कों पर यातायात बाधित हो जाता है। कई बार पुलिसकर्मियों द्वारा वाहन हटाने को कहने पर व्यापारियों के साथ नोकझोंक की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है।

थराली के थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने बताया कि थाना क्षेत्र के प्रमुख बाजारों और कस्बों में अव्यवस्थित पार्किंग के कारण लगातार जाम की समस्या बनी हुई है। इससे निपटने के लिए पुलिस ने सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया है। अब नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ सीधे चालानी कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा दोपहिया वाहन चालक और पीछे बैठी सवारी, दोनों के लिए हेलमेट की अनिवार्यता का पालन भी सुनिश्चित कराया जा रहा है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि मंगलवार को थराली बाजार में यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 19 दोपहिया वाहनों के चालान किए गए। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

पुलिस की इस पहल से पिंडर घाटी के प्रमुख बाजारों में यातायात व्यवस्था सुधरने और लोगों को जाम से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, समस्या के स्थायी समाधान के लिए बाजारों के आसपास पर्याप्त पार्किंग स्थलों की व्यवस्था किया जाना भी जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!