कैल नदी के मोटर पुल पर सुरक्षा जालियां लगाने का काम शुरू
थराली/देवाल, 24 नवंबर (हरेंद्र बिष्ट)। विकासखंड देवाल के अंतर्गत हाट कल्याणी-सवाड़ मोटर मार्ग पर कैल नदी के ऊपर बने मोटर पुल के दोनों ओर सुरक्षा जालियां लगाने का कार्य शुरू हो गया है। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों और विशेषकर स्कूली बच्चों के अभिभावकों ने राहत की सांस ली है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने इसके लिए लोक निर्माण विभाग थराली का आभार व्यक्त किया है।
फल्दियागांव के ग्राम प्रधान प्रेम सिंह परिहार ने बताया कि हाट कल्याणी-सवाड़ मोटर मार्ग पर जैनबिष्ट नामक स्थान पर वर्षों पूर्व लोक निर्माण विभाग ने कैल नदी पर मोटर पुल का निर्माण किया था। समय के साथ पुल के दोनों ओर लगी सुरक्षा रेलिंग और जालियां क्षतिग्रस्त हो गई थीं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी।
पुल के समीप दो विद्यालय और एक चिकित्सालय हैं। इस कारण पुल से वाहनों के अलावा ग्रामीणों और स्कूली बच्चों का नियमित आवागमन होता है। सुरक्षा रेलिंग क्षतिग्रस्त होने से विशेषकर स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक चिंतित थे।
ग्राम प्रधान परिहार ने बताया कि उन्होंने पिछले महीने लोक निर्माण विभाग थराली के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा से मुलाकात कर पुल के दोनों ओर नई सुरक्षा जालियां लगाने की मांग की थी। विभाग ने उनकी मांग पर कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य शुरू कर दिया है।
फल्दियागांव के प्रधान प्रेम सिंह परिहार, सवाड़ की प्रधान आशा धपोला, देवाल प्रधान संघ के अध्यक्ष खिलाप सिंह बिष्ट सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने विभाग का आभार व्यक्त किया है।

