राजनीति

भ्रष्टाचार की प्रतीकात्मक पोटली लेकर 26 नवंबर को लोकभवन कूच करेगी कांग्रेस

 

राज्यपाल के माध्यम से सरकार से जवाब मांगेंगे कार्यकर्ता : प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में हुई तैयारी बैठक

 

देहरादून, 24 नवंबर। भाजपा सरकार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान के समापन के बाद कांग्रेस ने 26 नवंबर को लोकभवन कूच की तैयारी तेज कर दी है। पार्टी के अनुसार, कार्यकर्ता सरकार पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों से जुड़े दस्तावेजों और जनभावनाओं की प्रतीकात्मक पोटली लेकर लोकभवन पहुंचेंगे और राज्यपाल के माध्यम से सरकार से जवाब मांगेंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें प्रदेशभर से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश पदाधिकारियों तथा विभिन्न विभागों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपने पर भी विचार हुआ।

प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग और जनहित से जुड़े मामलों में अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि जनता इन मामलों पर सरकार से जवाब चाहती है, लेकिन सरकार जवाबदेही तय करने के बजाय मुद्दों से बच रही है।

उन्होंने कहा कि 26 नवंबर को कांग्रेस कार्यकर्ता भ्रष्टाचार की प्रतीकात्मक पोटली लेकर लोकभवन कूच करेंगे और राज्यपाल के माध्यम से सरकार से कथित भ्रष्टाचार के मामलों पर जवाब मांगेंगे।

बैठक में पूर्व मंत्री नवप्रभात, शूरवीर सिंह सजवाण, रामशरण नौटियाल, लालचंद शर्मा, गोदावरी थापली, आर्येंद्र शर्मा, राजेंद्र शाह, जोत सिंह गुनसोला, राजकुमार, अश्विनी बहुगुणा, सुरेंद्र रांगड़, सोनिया आनंद, राकेश नेगी, डॉ. प्रतिमा सिंह, मोहित उनियाल, संजय किशोर, राजीव कुमार और गौरव चौधरी सहित कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!