गौचर में सिंचाई का संकट, सूखने की कगार पर फसलें
विभागीय उदासीनता से परेशान काश्तकारों ने दी आंदोलन की चेतावनी
गौचर, 24 नवंबर (दिग्पाल गुसाईं)। चमोली जिले के गौचर में बदहाल सिंचाई व्यवस्था के चलते काश्तकारों के सामने गंभीर संकट पैदा हो गया है। पनाई सिंचाई नहर और लिफ्ट पंप योजना से पर्याप्त पानी नहीं मिलने के कारण फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं। काश्तकारों ने विभागीय अधिकारियों पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
नगर पालिका क्षेत्र गौचर में बड़े पैमाने पर खेती की जाती है। कृषि भूमि की सिंचाई के लिए पनाई सिंचाई नहर के अलावा करीब 20 वर्ष पूर्व लिफ्ट पंप योजना का निर्माण किया गया था। उचित रखरखाव के अभाव में अब यह योजना बदहाल हो चुकी है। पंपों की मोटरें आए दिन खराब हो रही हैं और पाइप भी जर्जर हो चुके हैं। पहले इस योजना का संचालन दो चरणों में किया जाता था, लेकिन कुछ वर्ष पूर्व मोटरों की क्षमता बढ़ाए बिना ही इसे एक चरण में संचालित किया जाने लगा। काश्तकारों का कहना है कि इसके बाद से खेतों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
गत 14 नवंबर को गौचर मेले का उद्घाटन करने पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को क्षेत्र की महिलाओं ने ज्ञापन सौंपकर लिफ्ट पंप योजना की क्षमता बढ़ाने के साथ ही लघु डाल सिंचाई विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली की जांच कराने की मांग की थी।
गत 18 नवंबर को गौचर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान भी यह मामला उठाया गया था। उस समय लघु डाल सिंचाई विभाग का कोई अधिकारी मौजूद नहीं था। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ने संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने की बात कही थी। इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। वहीं, संबंधित अवर अभियंता पर समस्या के समाधान के बजाय पत्रकारों के प्रति नाराजगी जताने का आरोप भी लगा है।
महिला संगठन की अध्यक्ष सतेश्वरी देवी, विजया देवी, सरिता भंडारी, ललिता देवी, पूनम देवी, सुनीता देवी, गुड्डी देवी, सरीरा गुसाईं, लक्ष्मी देवी, किस्मती गुसाईं, नत्थी बिष्ट, आशा देवी, शशि देवी और जसुन्दरा देवी का कहना है कि सिंचाई व्यवस्था चरमराने से क्षेत्र के काश्तकार बेहद परेशान हैं। न तो पनाई नहर से पर्याप्त पानी मिल रहा है और न ही लिफ्ट पंप योजना का समुचित लाभ मिल पा रहा है।
महिलाओं का कहना है कि बार-बार समस्या से अवगत कराने के बावजूद संबंधित अधिकारी सुनने को तैयार नहीं हैं। यदि शीघ्र ही सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो काश्तकारों के सामने आंदोलन के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा।

