पत्रकारों के सवालों से घबराए नहीं, उनका सामना करे धामी सरकार : गणेश गोदियाल
महिला पत्रकार के साथ कथित अभद्रता को बताया अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला, निष्पक्ष जांच की मांग
देहरादून, 24 नवंबर । उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले के दौरान महिला पत्रकार गंगा असनोड़ा थपलियाल के साथ कथित अभद्र व्यवहार और मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के भाषण की कवरेज से रोके जाने की घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
गोदियाल ने कहा कि किसी महिला पत्रकार को पेशेवर दायित्व निभाने से रोकना और उसके साथ अभद्र व्यवहार करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सवाल उठाया कि पत्रकार को मुख्यमंत्री के भाषण की कवरेज करने से क्यों रोका गया। उन्होंने कहा कि क्या सरकार और उसके प्रतिनिधि पत्रकारों के सवालों से असहज हैं, जो उन्हें सवाल पूछने और कार्यक्रमों की कवरेज करने से रोका जा रहा है?
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। पत्रकार जनता से जुड़े सवाल उठाते हैं और सरकार से जवाब मांगते हैं। ऐसे में उनके काम में बाधा डालना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
गोदियाल ने कहा कि श्रीनगर क्षेत्र, जिसका प्रतिनिधित्व कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत करते हैं, वहां महिला पत्रकार को ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ा, यह और भी चिंताजनक है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय करने और गंगा असनोड़ा थपलियाल के सम्मान तथा पत्रकारिता के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सवालों का जवाब देने के बजाय उन्हें रोकना उचित नहीं है।

