लाटू देवता मंदिर के कपाट छह माह के लिए बंद

– हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट –
थराली, 24 नवंबर। चमोली जिले के देवाल विकासखंड के वाण गांव स्थित प्रसिद्ध लाटू देवता मंदिर के कपाट मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर धार्मिक परंपराओं के अनुसार छह माह के लिए बंद कर दिए गए। मंदिर के पुजारी खीम सिंह ने आंखों पर पट्टी बांधकर गर्भगृह में प्रवेश किया और दीप प्रज्वलित करने के बाद मंदिर के मुख्य कपाट बंद कर दिए। इस दौरान मंदिर परिसर लाटू देवता और मां नंदा भगवती के जयकारों से गूंज उठा।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। पूजा-अर्चना, हवन और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के बीच स्थानीय ग्रामीणों और दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने लाटू देवता को भोग अर्पित कर परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। कपाट बंद होने के अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।
लाटूधाम मंदिर समिति के अध्यक्ष कृष्णा बिष्ट ने बताया कि परंपरा के अनुसार मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। ग्राम प्रधान नंदुली देवी ने बताया कि धार्मिक आयोजन में सभी ग्रामीणों ने सहयोग किया। क्षेत्र के लोगों की लाटू देवता के प्रति गहरी आस्था है।
लाटू देवता मंदिर अपनी विशिष्ट धार्मिक परंपराओं के लिए प्रसिद्ध है। स्थानीय मान्यता है कि मंदिर के गर्भगृह में नागमणि विद्यमान है। इसी मान्यता के चलते पुजारी भी आंखों पर पट्टी बांधकर गर्भगृह में प्रवेश करते हैं। पुजारी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति नहीं है। श्रद्धालु करीब 12 मीटर की दूरी से ही देवता के दर्शन करते हैं।
नारायणबगड़ से पहुंचे श्रद्धालु संदीप कुमार ने बताया कि लाटू देवता के प्रति क्षेत्रवासियों की गहरी आस्था है। मान्यता है कि सच्चे मन से पूजा करने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
वाण स्थित लाटूधाम का मां नंदा देवी की धार्मिक परंपराओं और ऐतिहासिक नंदा देवी राजजात यात्रा से विशेष संबंध है। लाटू देवता को मां नंदा का धर्मभाई माना जाता है। नंदा देवी राजजात के दौरान इस मंदिर का विशेष महत्व रहता है। अब शीतकाल में छह माह तक मंदिर के कपाट बंद रहेंगे और अगले वर्ष वैशाख पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए पुनः खोले जाएंगे।

