भारत का संविधान : असाधारण प्रतिभाओं की कालजयी कृति
The Constitution of India is a timeless masterpiece shaped by collective intellectual, legal, and artistic brilliance rather than a single individual. While Dr. B.R. Ambedkar and the Drafting Committee provided its legal framework, the article highlights vital, often overlooked contributors: Constitutional Advisor B.N. Rau, Chief Draftsman S.N. Mukherjee, and 15 women members who championed social justice and equality. Furthermore, it celebrates the Constitution’s unique craftsmanship—handwritten by calligraphers Prem Behari Narain Raizada and Vasant Krishan Vaidya, illustrated with 5,000 years of Indian heritage by Nandalal Bose’s team, and initially printed in Dehradun—urging citizens to honor its makers by living its democratic values.

— जयसिंह रावत —
दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को संचालित करने वाला भारत का संविधान केवल कानूनी धाराओं का संकलन नहीं, बल्कि असाधारण प्रतिभाओं, व्यापक चिंतन, राजनीतिक दूरदर्शिता और भारतीय कलात्मक चेतना की अद्भुत संयुक्त रचना है। इसके निर्माण में किसी ने कानून का ज्ञान दिया, किसी ने विश्व के संविधानों का अध्ययन किया, किसी ने सामाजिक न्याय की अवधारणा को आकार दिया, तो किसी ने अपनी कलम और कूची से इसे कलाकृति बना दिया। डॉ. भीमराव आंबेडकर के नेतृत्व वाली प्रारूप समिति ने इसे विधिक स्वरूप दिया और संविधान सभा ने व्यापक विचार-विमर्श से इसे अंतिम रूप प्रदान किया। देश की इस अमूल्य धरोहर के मुद्रण का गौरव उत्तराखंड की राजधानी देहरादून को प्राप्त हुआ। संविधान अंगीकृत किए जाने की 77वीं वर्षगांठ पर उन सभी ज्ञात और अल्पचर्चित प्रतिभाओं को याद करना आवश्यक है, जिनके परिश्रम की बुनियाद पर भारतीय लोकतंत्र खड़ा है।
लोकतंत्र की बुनियाद रखने वाली सभा
भारत की संविधान सभा की पहली बैठक 9 दिसंबर 1946 को हुई थी। इसके अस्थायी अध्यक्ष डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा और बाद में स्थायी अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद बने। कैबिनेट मिशन योजना के तहत गठित संविधान सभा में मूलतः 389 सदस्य निर्धारित थे, लेकिन देश के विभाजन के बाद सदस्य संख्या 299 रह गई। इनमें विधिवेत्ता, शिक्षाविद्, अर्थशास्त्री, प्रशासक, समाज सुधारक और स्वतंत्रता सेनानी शामिल थे। पंडित जवाहरलाल नेहरू ने 13 दिसंबर 1946 को उद्देश्य प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसे 22 जनवरी 1947 को स्वीकार किया गया। इसी प्रस्ताव में स्वतंत्र भारत की भावी संवैधानिक व्यवस्था के मूल आदर्श निहित थे। सरदार वल्लभभाई पटेल ने मौलिक अधिकारों, अल्पसंख्यकों और जनजातीय क्षेत्रों से संबंधित महत्वपूर्ण समितियों का नेतृत्व किया। डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने विविध विचारधाराओं और मतभेदों के बीच संविधान सभा का संचालन किया।
आंबेडकर के नेतृत्व में सात प्रतिभाओं की टीम
29 अगस्त 1947 को संविधान सभा ने सात सदस्यीय प्रारूप समिति का गठन किया, जिसकी अध्यक्षता डॉ. भीमराव आंबेडकर को सौंपी गई। उनके अलावा समिति में अल्लादि कृष्णस्वामी अय्यर, एन. गोपालस्वामी आयंगर, कन्हैयालाल माणिकलाल मुंशी, सैयद मोहम्मद सादुल्ला, बी. एल. मित्तर और डी. पी. खेतान शामिल थे। बाद में मित्तर के स्थान पर एन. माधव राव और खेतान के निधन के बाद टी. टी. कृष्णमाचारी को शामिल किया गया।
आंबेडकर ने अपनी असाधारण विधिक प्रतिभा, अर्थशास्त्र के ज्ञान और सामाजिक विषमताओं के अनुभव से संविधान को न्याय, स्वतंत्रता और समानता की मजबूत वैचारिक आधारशिला प्रदान की। अल्लादि कृष्णस्वामी अय्यर विधि और न्यायिक व्यवस्था के विशेषज्ञ थे। मुंशी ने मौलिक अधिकारों और सांस्कृतिक स्वतंत्रता से संबंधित विमर्श में महत्वपूर्ण योगदान दिया। गोपालस्वामी आयंगर प्रशासनिक तथा संघीय व्यवस्था के अनुभवी जानकार थे। इन सभी प्रतिभाओं के ज्ञान और अनुभव को एक सुसंगत संवैधानिक दस्तावेज में ढालना अत्यंत चुनौतीपूर्ण कार्य था, जिसे आंबेडकर ने बखूबी निभाया।
आंबेडकर ने स्वयं दिया सहयोगियों को श्रेय
संविधान निर्माण में सामूहिक योगदान का सबसे प्रामाणिक प्रमाण स्वयं बाबा साहब का 25 नवंबर 1949 का ऐतिहासिक भाषण है। उन्होंने संविधान सभा में कहा कि उन्हें दिया जा रहा श्रेय वास्तव में अकेले उनका नहीं है। उन्होंने विशेष रूप से संविधान सभा के संवैधानिक सलाहकार सर बेनेगल नरसिंह राव (बी. एन. राव) और संविधान के मुख्य प्रारूपकार एस. एन. मुखर्जी के योगदान को रेखांकित किया। बी. एन. राव ने विभिन्न देशों की संवैधानिक व्यवस्थाओं का गहन अध्ययन किया था। उन्होंने अमेरिका, कनाडा, आयरलैंड और ब्रिटेन के संवैधानिक विशेषज्ञों से विचार-विमर्श भी किया। उनके द्वारा तैयार प्रारंभिक मसौदे में 243 अनुच्छेद और 13 अनुसूचियां थीं। मुख्य प्रारूपकार सुरेंद्रनाथ मुखर्जी की विशेषता जटिल से जटिल प्रस्तावों को सरल, स्पष्ट और सटीक कानूनी भाषा में ढालना थी। आंबेडकर ने स्वीकार किया कि मुखर्जी के सहयोग के बिना संविधान को अंतिम रूप देने में कई वर्ष और लग सकते थे। उन्होंने उन कर्मचारियों का भी आभार व्यक्त किया, जो आधी रात के बाद तक काम करते थे। यह बाबा साहब की बौद्धिक उदारता और महानता का परिचायक था।
संविधान निर्माण में नारी शक्ति
संविधान सभा की 15 महिला सदस्यों के योगदान को भी इतिहास में अपेक्षित स्थान नहीं मिला। इनमें सरोजिनी नायडू, हंसा मेहता, दुर्गाबाई देशमुख, राजकुमारी अमृत कौर, सुचेता कृपलानी, विजयलक्ष्मी पंडित, अम्मू स्वामीनाथन, बेगम ऐजाज रसूल, दक्षिणायनी वेलायुधन, रेणुका राय, पूर्णिमा बनर्जी, एनी मस्कारेन, कमला चौधरी, लीला राय और मालती चौधरी शामिल थीं। इन महिलाओं ने लैंगिक समानता, सामाजिक न्याय, शिक्षा, मौलिक अधिकारों और महिलाओं की गरिमा से जुड़े प्रश्नों को प्रमुखता से उठाया। संविधान सभा की एकमात्र दलित महिला सदस्य दक्षिणायनी वेलायुधन ने अस्पृश्यता और जातिगत भेदभाव के विरुद्ध आवाज उठाई। हंसा मेहता और रेणुका राय ने महिला अधिकारों की पैरवी की। दुर्गाबाई देशमुख ने न्यायिक व्यवस्था सहित अनेक विषयों पर सक्रिय भागीदारी की।
हजारों संशोधनों से निखरा संविधान
संविधान निर्माण में दो वर्ष, 11 महीने और 18 दिन लगे। संविधान सभा के 11 सत्रों में 165 दिन बैठकें हुईं। इनमें 114 दिन संविधान के मसौदे पर विचार करने में लगे, जबकि प्रारूप समिति ने 141 दिन काम किया। लगभग 7,635 संशोधन प्रस्ताव प्रस्तुत करने के लिए सूचीबद्ध हुए, जिनमें से 2,473 सदन में विधिवत पेश किए गए। ब्रिटेन की संसदीय व्यवस्था, अमेरिका के मौलिक अधिकारों, आयरलैंड के राज्य के नीति निर्देशक तत्वों और कनाडा की संघीय व्यवस्था सहित विभिन्न संवैधानिक अनुभवों से प्रेरणा ली गई। लेकिन उन्हें भारतीय परिस्थितियों और आवश्यकताओं के अनुरूप ढाला गया। अंततः 395 अनुच्छेदों, 22 भागों और आठ अनुसूचियों वाला संविधान 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत हुआ।
मशीन से नहीं, हाथों से लिखा गया संविधान
भारतीय संविधान की सबसे अनूठी विशेषता यह है कि इसकी मूल प्रतियां मशीन से मुद्रित नहीं, बल्कि हाथ से लिखी गई थीं। अंग्रेजी संस्करण को सुंदर अक्षरों में लिखने का दायित्व देश के प्रसिद्ध सुलेखकार प्रेम बिहारी नारायण रायजादा को सौंपा गया था। उन्होंने विशेष रूप से तैयार कागज पर अपनी कलम से संविधान को आकर्षक स्वरूप दिया। संसद सचिवालय के अभिलेखों के अनुसार रायजादा ने 28 नवंबर 1949 को सुलेखन का कार्य आरंभ किया और अप्रैल 1950 के अंतिम सप्ताह में इसे पूरा किया। हिंदी संस्करण के सुलेखन का दायित्व वसंत कृष्ण वैद्य ने निभाया। इन दोनों सुलेखकारों की साधना ने संविधान को विश्व की अनुपम हस्तलिखित धरोहरों में स्थान दिलाया।
संविधान के पन्नों पर पांच हजार वर्षों की सभ्यता
संविधान को कलात्मक स्वरूप देने का दायित्व शांतिनिकेतन के प्रसिद्ध चित्रकार आचार्य नंदलाल बोस और उनके सहयोगियों को सौंपा गया। इस कलाकार मंडली में व्यौहार राममनोहर सिन्हा, दीनानाथ भार्गव, विनायक शिवराम मासोजी, विश्वरूप बोस, गौरी भांजा, जमुना सेन, कृपाल सिंह शेखावत और जगदीश मित्तल जैसी प्रतिभाएं शामिल थीं। संविधान के 22 मूल भागों को भारतीय इतिहास और संस्कृति के विभिन्न कालखंडों के चित्रों से सजाया गया। इनमें मोहनजोदड़ो की सभ्यता, वैदिक गुरुकुल, रामायण, महाभारत, भगवान बुद्ध, महावीर, सम्राट अशोक, अकबर, शिवाजी, गुरु गोविंद सिंह, रानी लक्ष्मीबाई, महात्मा गांधी और नेताजी सुभाषचंद्र बोस तक की ऐतिहासिक यात्रा दिखाई देती है। इस तरह संविधान के पन्नों पर भारत की प्राचीन सभ्यता से लेकर आधुनिक राष्ट्रीय चेतना तक का कलात्मक इतिहास अंकित हो गया।
देहरादून को मिला संविधान के मुद्रण का गौरव
बहुत कम लोग जानते हैं कि भारतीय संविधान की हस्तलिखित एवं चित्रांकित प्रति के प्रारंभिक मुद्रण का ऐतिहासिक कार्य देहरादून में हुआ था। भारतीय सर्वेक्षण विभाग के हाथीबड़कला स्थित उत्तरी मुद्रण कार्यालय में प्रकाश-शिला मुद्रण तकनीक से संविधान की एक हजार प्रतियां तैयार की गईं। इस तकनीक के माध्यम से हस्तलिखित अक्षरों, चित्रों और बारीक कलात्मक सजावट को यथासंभव मूल स्वरूप में पुनरुत्पादित किया गया। अमेरिका की प्रतिष्ठित लाइब्रेरी ऑफ कांग्रेस में भी देहरादून में मुद्रित संविधान की एक प्रति संरक्षित है। उसके अभिलेखों में देहरादून और भारतीय सर्वेक्षण विभाग का स्पष्ट उल्लेख मिलता है। संविधान की मूल हिंदी और अंग्रेजी प्रतियां संसद के पुस्तकालय में विशेष हीलियमयुक्त सुरक्षा आवरणों में संरक्षित हैं।
संविधान निर्माताओं के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि
24 जनवरी 1950 को संविधान सभा के 284 सदस्यों ने संविधान पर हस्ताक्षर किए और 26 जनवरी को संविधान पूर्ण रूप से प्रभावी हुआ। इसके साथ ही भारत ने जाति, धर्म, लिंग, संपत्ति और सामाजिक हैसियत के भेदभाव से परे सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार पर आधारित लोकतांत्रिक व्यवस्था अपनाई।संविधान की महानता केवल उसके विशाल आकार में नहीं, बल्कि विविधताओं के बीच एकता, असहमति के बीच सहमति और सत्ता के ऊपर नागरिक अधिकारों की प्रतिष्ठा में है। यह दस्तावेज बनाने वालों ने अपनी वैचारिक भिन्नताओं के बावजूद आने वाली पीढ़ियों के लिए एक साझा राष्ट्रीय भविष्य का निर्माण किया। संविधान दिवस पर बाबा साहब आंबेडकर के साथ उन विधिवेत्ताओं, महिला प्रतिनिधियों, विद्वानों, सुलेखकारों, चित्रकारों और देहरादून के मुद्रण कर्मियों को भी स्मरण करना चाहिए। इन सभी ने मिलकर भारत को केवल शासन चलाने की नियमावली नहीं, बल्कि एक सभ्य, न्यायपूर्ण और लोकतांत्रिक राष्ट्र के निर्माण का संकल्प सौंपा था।
उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि संविधान की पूजा करने में नहीं, बल्कि उसके मूल्यों को अपने सार्वजनिक और व्यक्तिगत जीवन में उतारने में है।
—————
About the author: Jay Singh Rawat is a senior journalist, author and editorial consultant with decades of experience writing on Uttarakhand’s history, society and public affairs.
Disclaimer: The views expressed in this article are those of the author. The news portal’s admin does not necessarily agree or disagree with them.

