प्रतियोगी प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी में मददगार बनेगी ‘फ्योली’
गौचर, 25 नवंबर (दिग्पाल गुसाईं)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गौचर में विभिन्न प्रतियोगी प्रवेश परीक्षाओं के लिए मार्गदर्शिका एवं प्रश्न-पुस्तिका तैयार करने के उद्देश्य से तीन दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जा रही है। इसके माध्यम से संस्थान की पत्रिका ‘फ्योली’ को इस वर्ष नवीनतम अध्ययन सामग्री के साथ नए स्वरूप में तैयार किया जाएगा।
पत्रिका में इस वर्ष आयोजित विभिन्न प्रतियोगी प्रवेश परीक्षाओं के हल सहित प्रश्नपत्र भी शामिल किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को परीक्षा के स्वरूप और प्रश्नों के स्तर को समझने में सहायता मिल सकेगी। परीक्षाओं के बदलते प्रारूप को ध्यान में रखते हुए प्रश्नपत्रों का संकलन एवं निर्माण किया जा रहा है।
जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में पर्यावरण विज्ञान को शामिल किए जाने के अनुरूप इससे संबंधित प्रश्नों को भी मार्गदर्शिका में स्थान दिया जाएगा। इसके अलावा सैनिक स्कूल की प्रवेश परीक्षा के प्रश्नपत्र भी पत्रिका में शामिल किए जाएंगे। हिम ज्योति विद्यालय देहरादून की प्रवेश परीक्षा की समय-सारणी एवं प्रवेश प्रक्रिया संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि विद्यार्थियों और अभिभावकों को आवश्यक जानकारियां एक ही स्थान पर मिल सकें।
संस्थान के प्राचार्य अनी नाथ ने बताया कि विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण एवं अद्यतन अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना संस्थान का उद्देश्य है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार ‘फ्योली’ में परीक्षाओं के बदलते स्वरूप और नवीनतम प्रश्नों को विशेष स्थान दिया जा रहा है।
पत्रिका के मुख्य संपादक सुबोध कुमार डिमरी ने बताया कि कार्यशाला में चयनित शिक्षक विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नों के संकलन, संपादन एवं अध्ययन सामग्री तैयार करने में जुटे हैं। प्रयास है कि विद्यार्थियों को एक ही पुस्तक में विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक अध्ययन सामग्री और मार्गदर्शन उपलब्ध हो सके।
कार्यशाला में जिले के विभिन्न विकासखंडों से चयनित शिक्षक दिनेश बधानी, आलोक रंजन नेगी, पंकज सती, रजनी नेगी, महावीर गौड़, प्राची खत्री एवं रेखा नेगी भाग ले रहे हैं। संस्थान की इस पहल से विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी में सहायता मिलने की उम्मीद है।

