सरस्वती नदी पर बनी डॉक्यूमेंट्री ने विज्ञान के माध्यम से प्राचीन नदी के रहस्य को उजागर किया
Hidden beneath the surface of the earth, flowing through the pages of ancient scriptures and embedded in India’s civilisational memory, the Saraswati River has remained one of the country’s enduring mysteries. Seeking to bridge the gap between ancient traditions and modern scientific inquiry, the Hindi documentary The Unseen Holy River – Saraswati, featured in the Indian Panorama category of the 57th International Film Festival of India (IFFI) 2026 today. The documentary explores the fascinating story of the river and the scientific investigations by Dr. Subash C. Singh surrounding the river’s existence. The film brings together ancient geographical references, geological observations and scientific investigations to present an intriguing exploration of India’s natural and cultural heritage.
-A PIB FILM FEATURE-
धरती की सतह के नीचे प्रवाहित होने वाली, प्राचीन धर्मग्रंथों के पन्नों में वर्णित और भारत की सभ्यतागत स्मृतियों में रची-बसी सरस्वती नदी देश के सबसे पुराने रहस्यों में से एक रही है। प्राचीन परंपराओं और आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान के बीच की दूरी को पाटने के उद्देश्य से, 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) 2026 के भारतीय पैनोरमा खंड में आज हिंदी डॉक्यूमेंट्री द अनसीन होली रिवर – सरस्वती प्रदर्शित की गई। यह डॉक्यूमेंट्री सरस्वती नदी की रोचक गाथा और इसके अस्तित्व को लेकर डॉ. सुभाष सी. सिंह द्वारा किए गए वैज्ञानिक अनुसंधानों पर केंद्रित है। फिल्म में प्राचीन भौगोलिक संदर्भों, भूवैज्ञानिक अवलोकनों और वैज्ञानिक जांच-पड़ताल को एक साथ प्रस्तुत करते हुए भारत की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत के एक रोचक पहलू को उजागर किया गया है।

निर्देशक भास्कर विश्वनाथन ने आज पत्र सूचना कार्यालय द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अपनी पहली डॉक्यूमेंट्री बनाने के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि सरस्वती नदी से जुड़ा रहस्य उनके लिए भी उतना ही रोचक था और इस विषय पर किए गए शोध ने उन्हें फिल्म बनाने की प्रमुख प्रेरणा दी। उन्होंने सरस्वती नदी के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित करते हुए विशेष रूप से सरस्वत सभ्यता और प्राचीन वैदिक परंपरा से इसके जुड़ाव का उल्लेख किया। माना जाता है कि वेदों की रचना इसी नदी के तट पर हुई थी। श्री विश्वनाथन ने बताया कि व्यापक शोध सामग्री को संक्षिप्त, रोचक और मनोरंजक रूप में प्रस्तुत करना एक बड़ी चुनौती थी। उनका उद्देश्य शोधपरक आधार को बरकरार रखते हुए डॉक्यूमेंट्री को दर्शकों के लिए अधिक से अधिक आकर्षक बनाना था।
निर्माता अभिनव एम. जैन ने बताया कि भारत की नदियों और उनके ऐतिहासिक महत्व के प्रति जिज्ञासा ने उन्हें इस फिल्म के निर्माण के लिए प्रेरित किया। प्रयागराज में कुंभ मेले के अपने दौरे को याद करते हुए उन्होंने कहा कि त्रिवेणी संगम में उन्हें केवल गंगा और यमुना दिखाई दीं। इससे उन्हें तीसरी नदी सरस्वती के बारे में जानने की जिज्ञासा हुई, जिसका वेदों और अन्य हिंदू धर्मग्रंथों में बार-बार उल्लेख मिलता है।
शोध के वैज्ञानिक पहलू को रेखांकित करते हुए जैन ने रुड़की स्थित राष्ट्रीय जल विज्ञान संस्थान (एनआईएच) द्वारा किए गए समस्थानिक (आइसोटोपिक) अध्ययनों का उल्लेख किया। इन अध्ययनों में जल के नमूनों की जांच की गई, जिससे भूमिगत जल नेटवर्क से जुड़े अनुसंधान को आगे बढ़ाने में योगदान मिला।

भूवैज्ञानिक अनुसंधान, प्राचीन परंपराओं और समकालीन फिल्म निर्माण को एक साथ जोड़ते हुए डॉक्यूमेंट्री द अनसीन होली रिवर – सरस्वती दर्शकों को भारत की सभ्यतागत विरासत के एक महत्वपूर्ण पहलू को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से फिर से जानने और समझने का अवसर प्रदान करती है।
इस प्रेस वार्ता का संचालन श्री स्वाधीन शक्ति प्रसाद ने किया।
पूरी प्रेस वार्ता यहां देखें:

