कालसी में बाल चौपाल, 600 बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

कालसी, 26 नवंबर। देहरादून जिले के कालसी विकासखंड में गुरुवार को अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज में राज्य स्तरीय बाल चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें विकासखंड के 30 विद्यालयों के 600 से अधिक छात्र-छात्राओं और करीब 100 शिक्षकों ने भाग लिया। बच्चों ने विभिन्न शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के अपर निदेशक पदमेंद्र सकलानी, उप निदेशक विनोद मटुड़ा, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के राज्य प्रमुख शोभन सिंह नेगी, चकराता की खंड शिक्षा अधिकारी बुशरा तथा अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सचिन असवाल ने बच्चों और शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया।
बाल चौपाल की तैयारियां विद्यालय स्तर पर एक सप्ताह से अधिक समय तक की गई थीं। शिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चों ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का अभ्यास किया। चौपाल में लगाए गए स्टॉलों पर शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) का प्रदर्शन किया गया। ‘दिमागी कसरत’, ‘आओ खेलें नए खेल’, ‘आओ दौड़ें-भागें’ और ‘मैं हूं कलाकार’ जैसी विषय आधारित गतिविधियों में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इन गतिविधियों का उद्देश्य खेल और मनोरंजन के माध्यम से बच्चों में तार्किक क्षमता, रचनात्मकता तथा सीखने के प्रति रुचि विकसित करना था।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय कालसी एवं कोरुआ, अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज कालसी, एमआरबी स्कूल विकासनगर तथा राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय कालसी के छात्र-छात्राओं ने शैक्षिक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित बाल चौपाल में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन ने शैक्षिक गतिविधियों और शिक्षण सामग्री के निर्माण में शिक्षकों का सहयोग किया। भारत स्काउट एवं गाइड, रूम टू रीड, आलभ्य फाउंडेशन, अमेरिका इंडिया फाउंडेशन और आसरा ट्रस्ट सहित विभिन्न संस्थाओं ने भी स्टॉल लगाकर अपनी गतिविधियों का प्रदर्शन किया। ग्राफिक एरा अस्पताल की ओर से बच्चों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा सभी प्रतिभागी बच्चों को लेखन सामग्री उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम के संचालन में शिक्षकों, विकासखंड एवं संकुल संसाधन केंद्रों के प्रतिनिधियों तथा सहयोगी संस्थाओं ने योगदान दिया। समापन अवसर पर कालसी के खंड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर प्रसाद जदली ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन मंगत राम, जगदीश एवं इश्मित ने किया।
बाल चौपाल ने बच्चों को कक्षा की परंपरागत पढ़ाई से इतर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने, अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और दूसरे विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ संवाद का अवसर प्रदान किया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास, आपसी सहयोग, तार्किक चिंतन और आनंदपूर्ण शिक्षण को बढ़ावा देना था।

