मसूरी में पर्यटकों की संख्या नियंत्रित करने की मांग, मुख्य सचिव से मिले पर्यावरणविद्
नई सड़क परियोजनाएं रद्द करने और पर्यटकों के लिए पंजीकरण व्यवस्था लागू करने का सुझाव
देहरादून, 27 नवंबर। मसूरी की वहन क्षमता (कैरिंग कैपेसिटी), अनियंत्रित पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर पर्यावरण संस्था ‘सिटीजन्स फॉर ग्रीन दून’ के तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड के मुख्य सचिव से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में शामिल ईरा चौहान, जया सिंह और हिमांशु अरोड़ा ने मसूरी की वहन क्षमता के संबंध में उच्च न्यायालय में विचाराधीन जनहित याचिका और न्यायालय के निर्देशों के क्रम में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किए।
प्रतिनिधिमंडल ने मसूरी में बढ़ते पर्यटकों और वाहनों के दबाव, अनियोजित निर्माण, पेयजल संकट, सीवेज व्यवस्था तथा पार्किंग की सीमित क्षमता पर चिंता व्यक्त की। हिमांशु अरोड़ा ने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो मसूरी को भी जोशीमठ जैसी भूधंसाव की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने लंढौर और झड़ीपानी में जमीन दरकने की घटनाओं का उल्लेख करते हुए दावा किया कि पिछले 20 वर्षों में दून घाटी और आसपास के क्षेत्रों की करीब 47 प्रतिशत हरियाली नष्ट हो चुकी है।
ईरा चौहान ने झाझरा से मिस्सरपट्टी होते हुए मसूरी के लिए प्रस्तावित नई सड़क परियोजना का विरोध किया। उन्होंने दावा किया कि इस परियोजना के निर्माण से 18 से 20 हजार पेड़ प्रभावित होंगे, जिनमें साल, रोहिणी, बुरांश और बांज के वृक्ष शामिल हैं। इसके अलावा एलकेडी मार्ग के चौड़ीकरण के लिए करीब 700 पेड़ों के कटान की आशंका जताई गई। उन्होंने निर्माणाधीन रोपवे परियोजना के मद्देनजर नई सड़कों की आवश्यकता पर भी सवाल उठाया।
जया सिंह ने कहा कि मसूरी में केवल 1,287 वाहनों की पार्किंग की क्षमता है। ऐसे में हजारों अतिरिक्त वाहनों का प्रवेश शहर की यातायात व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं पर दबाव बढ़ा रहा है।
मुख्य सचिव ने कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्र आवागमन का संवैधानिक अधिकार प्राप्त है। इस पर प्रतिनिधिमंडल ने तर्क दिया कि पर्यटकों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के बजाय शहर की वास्तविक क्षमता के अनुरूप उनके प्रवेश को व्यवस्थित किया जाना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने मसूरी के लिए प्रस्तावित नई सड़क परियोजनाओं को रद्द करने, पर्यटकों और वाहनों के लिए अनिवार्य पंजीकरण व्यवस्था लागू करने तथा होटलों में उपलब्ध कमरों और पार्किंग क्षमता के आधार पर पर्यटकों की संख्या निर्धारित करने की मांग की। संस्था ने जल स्रोतों, वन संपदा और सीवेज व्यवस्था की क्षमता को भी पर्यटन नीति का आधार बनाने पर जोर दिया। मुख्य सचिव ने प्रतिनिधिमंडल के सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाही का आश्वासन दिया.

