Uncategorized

हार्वर्ड बिजनेस रिव्यू में प्रकाशित होगा प्रेक्षा कपरवाण का आलेख

 

ज्योतिर्मठ, 27 नवंबर (कारवां)। उत्तराखंड के चमोली जिले की प्रेक्षा कपरवाण का आलेख विश्व के प्रतिष्ठित व्यावसायिक एवं प्रबंधन प्रकाशन ‘हार्वर्ड बिजनेस रिव्यू’ (एचबीआर) में प्रकाशित होने जा रहा है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और डेटा के क्षेत्र में कार्यरत प्रेक्षा के इस आलेख में तेजी से बदलती तकनीक और उसके कारोबारी प्रभावों पर विचार प्रस्तुत किए जाएंगे।

हार्वर्ड बिजनेस स्कूल से जुड़े हार्वर्ड बिजनेस रिव्यू की गिनती दुनिया के प्रभावशाली व्यावसायिक एवं प्रबंधन प्रकाशनों में होती है। वैश्विक स्तर पर उद्योग जगत, उद्यमियों, शोधकर्ताओं और नीति निर्माताओं के बीच इस प्रकाशन की विशेष प्रतिष्ठा है। ऐसे मंच पर आलेख का प्रकाशन व्यवसाय और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में कार्यरत पेशेवरों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जाता है।

मूल रूप से पैनखंडा क्षेत्र के ज्योतिर्मठ में औली रोड स्थित चोड़ारी की निवासी प्रेक्षा कपरवाण ने पांच सितारा होटल से अपने पेशेवर जीवन की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में कदम रखा और अमेरिका की सिलिकॉन वैली तक पहुंचीं। वर्तमान में वह कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डेटा और उभरती प्रौद्योगिकियों से जुड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपने विचार प्रस्तुत कर रही हैं।

उत्तराखंड के सीमांत पर्वतीय क्षेत्र से निकलकर वैश्विक प्रौद्योगिकी जगत तक पहुंचने की प्रेक्षा की यात्रा प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक है। हार्वर्ड बिजनेस रिव्यू में उनके आलेख का प्रस्तावित प्रकाशन उनके पेशेवर जीवन का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव है। आलेख के प्रकाशित होने के बाद उसके विषय और शोधपरक सामग्री की विस्तृत जानकारी सामने आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!