Front Page

विधानसभा चुनाव 2027 : ईवीएम और वीवीपैट के प्रति जागरूकता अभियान शुरू

सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेंगी प्रदर्शन वैन, मतदाता कर सकेंगे अभ्यास मतदान

देहरादून, 27 नवंबर। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट के उपयोग के प्रति मतदाताओं को जागरूक करने का अभियान शुरू हो गया है। इसके लिए प्रदेश के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में मोबाइल प्रदर्शन वैन तैनात की गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारियों और रिटर्निंग अधिकारियों के मुख्यालयों पर भी ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए गए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में इस्तेमाल होने वाली ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच पूरी हो चुकी है। इसके बाद मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्रशिक्षण और जन-जागरूकता के लिए 974 बैलेट यूनिट, 974 कंट्रोल यूनिट और 974 वीवीपैट मशीनें अलग की गई हैं। इन मशीनों की सूची भी राजनीतिक दलों के साथ साझा कर दी गई है। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार इन्हें अलग निर्धारित गोदामों में रखा जाएगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शन केंद्रों पर मतदाता ईवीएम से मतदान करने और वीवीपैट के माध्यम से अपने मत की पुष्टि करने की प्रक्रिया समझ सकेंगे। मोबाइल प्रदर्शन वैन सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों, गांवों, मोहल्लों और वार्डों तक पहुंचेंगी। मतदाताओं को अभ्यास मतदान का अवसर भी दिया जाएगा।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा किए जाने तक यह व्यावहारिक जागरूकता अभियान जारी रहेगा। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद ईवीएम और वीवीपैट से संबंधित जागरूकता गतिविधियां केवल डिजिटल माध्यमों से संचालित की जाएंगी।

अभियान के दौरान प्रदर्शन वैन और केंद्रों के माध्यम से पहुंच बनाए गए मतदान केंद्रों, प्रदर्शन देखने वाले नागरिकों तथा अभ्यास मतदान में भाग लेने वाले लोगों का विवरण तैयार किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग अधिकारी साप्ताहिक अथवा पाक्षिक आधार पर इसकी प्रगति रिपोर्ट मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजेंगे।

प्रदेश के देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में 16 नवंबर, टिहरी गढ़वाल, बागेश्वर और नैनीताल में 18 नवंबर, चमोली में 20 नवंबर, उत्तरकाशी और ऊधमसिंह नगर में 21 नवंबर तथा रुद्रप्रयाग में 25 नवंबर से अभियान शुरू हो चुका है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से जागरूकता कार्यक्रम में भाग लेने, मतदान प्रक्रिया को समझने और आगामी विधानसभा चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!