Front Pageआपदा/दुर्घटना

मुख्यमंत्री धामी ने देखा खाकसार पवाणी गांव, चारों ओर तबाही का मंजर

 

 

पवाणी अग्निकांड : मकान बनाने के लिए प्रभावित परिवारों को मिलेंगे पांच-पांच लाख

मुख्यमंत्री ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, छह माह का राशन और किराये के आवास की भी होगी व्यवस्था

पवाणी/मोरी, 27 नवंबर। उत्तरकाशी जिले के मोरी विकासखंड के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों से मिलने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को गांव पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अग्निकांड में क्षतिग्रस्त आवासीय भवनों का निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने घोषणा की कि अग्निकांड से प्रभावित प्रत्येक पात्र परिवार को मकान के पुनर्निर्माण के लिए पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा प्रभावित परिवारों को छह माह का राशन उपलब्ध कराने के साथ ही किराये के आवास की व्यवस्था भी की जाएगी।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। पीड़ितों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के साथ उनका पुनर्वास और जनजीवन सामान्य बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों की किसान क्रेडिट कार्ड, पेयजल, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन से राहत एवं पुनर्वास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक प्रभावित परिवार की जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराने तथा भोजन, आवास, राशन और अन्य आवश्यक सामग्री की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान देने तथा राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने को कहा।

 

इस दौरान पुरोला के विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर अग्निकांड प्रभावित परिवारों की समस्याओं और क्षेत्र की विभिन्न मांगों से अवगत कराया। उन्होंने प्रभावित परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने, किसानों के ऋण माफ करने, मोरी विकासखंड के गांवों में जल भंडारण टैंकों की व्यवस्था करने, पवाणी और ओसला के बीच हेलीपैड बनाने, गंगाड़ से सीमा-ओसला तक मोटर मार्ग का निर्माण करने तथा मोबाइल टावर स्थापित करने की मांग की। उन्होंने पवाणी गांव को गोद लेकर उसके पुनर्वास एवं विकास के लिए विशेष योजना बनाने का भी अनुरोध किया।

 

 

 

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के नेतृत्व में जिला प्रशासन प्रभावित परिवारों के लिए अस्थायी आवास, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था कर रहा है। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

इस अवसर पर पूर्व विधायक मालचंद, ब्लाक प्रमुख रणदेव सिंह राणा, पूर्व प्रमुख बचन सिंह पंवार, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सतेंद्र सिंह राणा, भगत सिंह रावत, जयचन्द सिंह रावत, सुखदेव, उमराव सिंह चौहान, राजपाल सिंह रावत, प्रहलाद सिंह, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय और उपजिलाधिकारी मुकेश रमोला सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!