मेघालय के सामुदायिक वन संरक्षण मॉडल का अध्ययन कर रहा उत्तराखंड का दल
PES योजना में वन संरक्षण के बदले समितियों को मिलता है प्रति हेक्टेयर ₹10,000 सालाना प्रोत्साहन

देहरादून, 27 नवंबर। उत्तराखंड के पारंपरिक जल स्रोतों—धारा और नौलों—के पुनर्जीवन तथा सामुदायिक वन संरक्षण के उपायों का अध्ययन करने के लिए स्प्रिंग्स एंड रिवर रिजुवेनेशन अथॉरिटी (SARRA) और चम्पावत जिले की धारा-नौला संरक्षण समितियों का 13 सदस्यीय दल मेघालय के दौरे पर है। 25 से 27 नवंबर तक शिलांग में आयोजित अध्ययन भ्रमण में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य तथा वन और ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारी शामिल हैं।
दौरे के दौरान मेघालय बेसिन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MBDA) और मेघालय बेसिन मैनेजमेंट एजेंसी (MBMA) के अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को राज्य में चल रही परियोजनाओं की जानकारी दी। इनमें जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) के वित्तपोषण से संचालित ‘MEGALIFE’ और जर्मन विकास बैंक (KfW) की सहायता से चल रही ‘MEGARISE’ परियोजना शामिल हैं।
दल ने MEGALIFE के तहत लागू ‘पेमेंट फॉर इकोसिस्टम सर्विसेज’ (PES) मॉडल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस योजना में प्राकृतिक वन क्षेत्र के संरक्षण के बदले स्थानीय समितियों को प्रति हेक्टेयर प्रतिवर्ष 10,000 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाती है। समितियों में 50 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी अनिवार्य है। शिलांग के एक गांव की समिति ने इस पहल के तहत 46 से 47 हेक्टेयर वन क्षेत्र संरक्षित किया है। समिति के खाते में सामुदायिक विकास के लिए करीब 15 लाख रुपये जमा हैं।
SARRA के उपनिदेशक और मुख्य वित्त अधिकारी ने क्षेत्र में स्थापित बायोचार उत्पादन संयंत्र का भी जायजा लिया। मई 2026 में MBDA, एक किसान उत्पादक कंपनी और निजी संस्था के बीच हुए त्रिपक्षीय समझौते के तहत शुरू पायलट परियोजना में बायोचार उत्पादन और कार्बन क्रेडिट से होने वाले लाभ को स्थानीय समुदायों तक पहुंचाने पर काम किया जा रहा है। परियोजना में कोर कार्बन एक्स तकनीकी सहयोग दे रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने मेघालय की कृषि वानिकी प्रणालियों का भी अध्ययन किया। अधिकारियों के अनुसार, PES मॉडल और सामुदायिक भागीदारी से मिले अनुभव उत्तराखंड में धारा-नौला संरक्षण समितियों को आर्थिक रूप से सशक्त करने तथा जल स्रोतों और आसपास के वन क्षेत्रों के संरक्षण की योजनाओं में उपयोगी हो सकते हैं।

