तपोवन परियोजना की सुरंग में आपदा प्रबंधन का मॉक अभ्यास
अचानक बाढ़ में फंसे 22 श्रमिकों को निकालने का किया गया अभ्यास

ज्योतिर्मठ, 28 नवंबर (कपरूवाण)। आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर एनटीपीसी की तपोवन विष्णुगाड जलविद्युत परियोजना में राज्य स्तरीय मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। अभ्यास का उद्देश्य परियोजना की सुरंग में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) एवं जलभराव जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का आकलन करने के साथ ही राहत एवं बचाव तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाना था।
उत्तराखंड शासन के निर्देशों तथा मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर आयोजित यह मॉक ड्रिल ज्योतिर्मठ के उपजिलाधिकारी अमित द्विवेदी की देखरेख में संपन्न हुई।
अभ्यास के तहत एक काल्पनिक आपातकालीन स्थिति तैयार की गई, जिसमें तपोवन स्थित एनटीपीसी परियोजना की सुरंग में अचानक बाढ़ आने से भारी मात्रा में पानी और कीचड़ भर गया। इसके चलते सुरंग में कार्यरत तकनीकी कर्मचारियों और मशीन ऑपरेटरों समेत 22 श्रमिक अंदर फंस गए। उनका बाहरी क्षेत्र से संपर्क टूट गया और उनकी सुरक्षा की स्थिति भी स्पष्ट नहीं थी।
आपातकालीन सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। इसमें एनटीपीसी, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, गढ़वाल स्काउट्स, राज्य अग्निशमन सेवा, उत्तराखंड पुलिस तथा अन्य संबंधित एजेंसियों ने भाग लिया। सभी एजेंसियों ने आपसी समन्वय से सुरंग में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया।
मॉक ड्रिल के दौरान चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया, संचार व्यवस्था तथा उपलब्ध बचाव संसाधनों के समुचित उपयोग का परीक्षण किया गया। अभ्यास में हिमालयी क्षेत्र की भूमिगत जलविद्युत परियोजनाओं में अचानक बाढ़, सुरंगों में जलभराव तथा अन्य प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए पूर्व तैयारियों के महत्व को रेखांकित किया गया।
इस अवसर पर नियमित मॉक अभ्यास, कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता तथा विभिन्न एजेंसियों की सामूहिक तैयारियों के माध्यम से संभावित जोखिमों को कम करने और मानव जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
एनटीपीसी प्रबंधन ने कर्मचारियों एवं श्रमिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नियमित आपदा प्रबंधन अभ्यास और विभिन्न सुरक्षा एवं बचाव एजेंसियों के साथ समन्वय के माध्यम से परियोजना की आपातकालीन तैयारियों को निरंतर मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

