पौड़ी में कार खाई में गिरी, सात महिलाओं समेत आठ की मौत
300 मीटर गहरी खाई में गिरा वाहन, चार घायल अस्पताल में भर्ती, सभी भंगलवाड़ गांव के निवासी
पौड़ी गढ़वाल, 28 नवंबर। पौड़ी गढ़वाल जिले की रिखणीखाल तहसील के अंतर्गत शनिवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में सात महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। दुर्घटनाग्रस्त कार में चालक समेत कुल 12 लोग सवार थे। वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में मरने वाले और घायल सभी लोग भंगलवाड़ गांव के निवासी हैं।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार दुर्घटना शनिवार दोपहर लगभग एक बजे हुई। ईको कार संख्या यूके-15 टीए-2152 रिखणीखाल से भंगलवाड़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान कलवाड़ी के समीप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना में वाहन चालक सहित आठ लोगों की जान चली गई।

दुर्घटना की सूचना मिलने पर जिला प्रशासन, पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। घायलों को खाई से निकालकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया, जहां उन्हें उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान भंगलवाड़ निवासी कान्ति देवी (45) पत्नी दिनेश चन्द्र, रेखा देवी (42) पत्नी प्रेम सिंह, सुमित्रा देवी (50) पत्नी रमेश सिंह, सुनीता देवी (45) पत्नी मदन सिंह, धनेश्वरी देवी (46) पत्नी किशन चन्द्र, सरोजनी देवी (38) पत्नी मोहन सिंह, रजनी देवी (25) तथा वाहन चालक अनिल देवराड़ा (48) पुत्र जयानन्द के रूप में हुई है।

घायलों में शशी देवी (35) पत्नी गजेन्द्र सिंह, शकुन्तला देवी (45) पत्नी महेन्द्र सिंह, जगदीश सिंह पुत्र भोपाल सिंह तथा सत्यवती देवी (36) पत्नी जगदीश सिंह शामिल हैं।
एक ही गांव के आठ लोगों की इस भीषण सड़क दुर्घटना में मौत हो जाने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतकों में सात महिलाएं हैं, जबकि घायलों में भी तीन महिलाएं शामिल हैं।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने दुर्घटना के संबंध में शासन और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना भेज दी है। वाहन के अनियंत्रित होने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।


