पोखरी में मॉक ड्रिल, भालू के हमले में घायलों को बचाने का अभ्यास
पुलिस, वन, स्वास्थ्य, पशुपालन और राजस्व विभाग ने परखी आपातकालीन तैयारियां

रपोखरी, 28 नवंबर ( राणा)। राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर शनिवार को पोखरी में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। खंड विकास अधिकारी एवं इंसीडेंट कमांडर दिनेश सिंह नेगी के नेतृत्व में मिनी स्टेडियम विनायकधार में बनाए गए स्टेजिंग एरिया में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।
मॉक ड्रिल के तहत एक काल्पनिक घटना की सूचना दी गई कि पोखरी-मोहनखाल मोटर मार्ग पर गुनियाला के समीप भालू के हमले में दो व्यक्ति घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, वन, पशुपालन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें एंबुलेंस, पिंजरे, वन्यजीवों को बेहोश करने वाली ट्रैंक्विलाइजर गन तथा अन्य आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। बचाव दलों ने घायलों को सुरक्षित निकालकर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी पहुंचाया, जहां उनके उपचार का अभ्यास किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं की प्रभावशीलता का परीक्षण किया गया।

इस अवसर पर केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग गोपेश्वर के उप प्रभागीय वनाधिकारी मोहन सिंह ने अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों को मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम तथा वन्यजीवों के साथ सह-अस्तित्व बनाए रखने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।
केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग की नागनाथ रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं ने भालू सहित अन्य वन्यजीवों के हमलों से बचाव के उपायों और राहत एवं बचाव कार्यों में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भालू प्रभावित क्षेत्रों में बचाव अभियान चलाने तथा आवश्यकता पड़ने पर भालू को बेहोश कर सुरक्षित पकड़ने के लिए विशेषज्ञों को बुलाया गया है।
मॉक ड्रिल में उप प्रभागीय वनाधिकारी मोहन सिंह, वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं, वन दरोगा मोहन सिंह बर्तवाल, आनंद सिंह रावत एवं प्रकाश कंडारी, थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार पंत, उपनिरीक्षक दलवीर सिंह नेगी, अपर उपनिरीक्षक विपिन त्यागी, हेड कांस्टेबल भरत सिंह टोलिया, जल संस्थान के अवर अभियंता मनमोहन सिंह राणा, पशुपालन विभाग के फार्मासिस्ट आशीष रावत, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. प्रियम गुप्ता, फार्मासिस्ट लखपत सिंह नेगी, राजस्व निरीक्षक प्रदीप रावत, राजस्व उपनिरीक्षक नीरज स्वरूप एवं राकेश सती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

