उत्तराखण्ड में शीत ऋतु की दस्तक, लोगों ने गर्म कपड़े निकाले
देहरादून,19 अक्टूबर।
पिछले 24 घण्टों से अधिक समय से हुयी बारिश की बौछारों के साथ ही शीत ऋतु ने पहाड़ी राज्य उत्तराखण्ड में दस्तक दे दी है। प्रदेश की राजधानी में मंगलवार सुबह का तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि सोमवार को मौसम विभाग की बेधशालाओं ने समान्य से काफी कम तापमान दर्ज किया है। इस मौसम परिवर्तन के साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिये हैं। जबकि देहरादून और हरिद्वार जैसे मैदानी नगरों में भी हल्के गर्म कपड़े बाहर निकल चुके हैं।
मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार प्रातः 8 बजे तक देहरादून का तापमान 17 डिग्री सेस्लियस दर्ज किया गया। इसी प्रकार इसी समय टिहरी का तापमान, 12 डिग्री, पंतनगर का 22.8 डिग्री, मुक्तेश्वर का 14.61 डिग्री एवं अल्मोड़ा का 16.21 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार सोमवार को देहरादून का अधिकतम् तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो कि सामान्य से 8 डिग्री कम था। इसी प्रकार राजधानी नगर का न्यूनतम् तापमान19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो कि सामान्य से 5 डिग्री कम था। इसी प्रकार पंतनगर का अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री, मुक्तेश्वर का 5 डिग्री और नयी टिहरी को 6 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्तरी एवं यमुनोत्तरी सहित प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात के कारण आने वाले दिनों में ठण्ड और अधिक बढ़ सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगवार 19 अक्टूबर को उत्तराखंड राज्य के पिथौरागढ़, नैनीताल, चम्पावत एवं पौड़ी जिलों में कहीं कहीं हल्की गर्जना के साथ बौछारों की संभावना है।