जोशीमठ के आपदा पीड़ितों के साथ राज्य सरकार और भाजपा संगठन खड़ा है
-जोशीमठ से महिपाल गुसाईं–
प्रदेश सरकार एवं भाजपा संगठन के निर्देश पर थराली के विधायक भूपाल राम टम्टा एवं कर्णप्रयाग के विधायक अनिल नौटियाल के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं ने आपदाग्रस्त जोशीमठ नगर पालिका क्षेत्र के आपदा से सर्वाधिक प्रभावित वार्डो गाँधी नगर, मनोहर सिंह वार्ड तथा अपर बाजार का स्थलीय निरीक्षण किया।
इसके साथ ही उन्होंने आपदा से प्रभावित पीड़ितों के लिए बनाए गए राहत शिविर में रह रहे पीड़ितों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि आपदा की इस संकट की घड़ी में पूरी केंद्र एवं राज्य सरकार के साथ ही भाजपा संगठन उसके साथ खड़ा है।
उन्होंने प्रभावित लोगों से धैर्य बनाए रखने का आग्रह करते हुए कहा कि सरकार पूरी संवेदनशीलता से समस्या का समाधान करने में जुटी है। खुद मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को देहरादून में उच्च स्तरीय बैठक की और शनिवार को वे खुद स्थिति का जायजा लेने जोशीमठ पहुंच रहे हैं।
इस दौरान दोनों भाजपा विधायकों के साथ भाजपा प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, प्रदेश उपाध्यक्ष बलवंत सिंह भौर्याल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य माधव प्रसाद सेमवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश मैखुरी, जिला महामंत्री कुलदीप वर्मा, बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष किशोर पंवार, जोशीमठ के पूर्व पालिका अध्यक्ष ऋषिप्रसाद सती, रोहणी रावत, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजया रावत, गौर सिंह कुँवर, विनोद कपरवान, लक्ष्मण फरकिया, गुड़ु लाल आदि नेता मौजूद थे। आपदाग्रस्त क्षेत्रों का भ्रमण करने के बाद थराली के विधायक भूपाल राम टम्टा ने बताया कि आपदाग्रस्त वार्डों में वास्तव में मकानों को काफी नुकसान पहुंचा है।भ्रमण के दौरान पाई गई वस्तुस्थिति की रिपोर्ट उन्होंने सरकार के साथ ही पार्टी को भेज दी है। दुःख की इस घड़ी में सरकार एवं पार्टी पूरी तरह से पीड़ितों के साथ खड़ी है। पीड़ितों को हरसंभव सहायता दिए जाने का प्रयास किया जा रहा है, जो कि आगे भी लगातार जारी रहेगी।