बमनाथ शिवालय में शिव महापुराण कथा में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़

पोखरी, 23 जुलाई (राणा)। चमोली जनपद के प्राचीन बमनाथ (बामेश्वर) शिवालय में सावन मास के अवसर पर आयोजित 11 दिवसीय शिव महापुराण कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर भगवान शिव के जयघोष से गूंज रहा है। श्रद्धालु जलाभिषेक एवं बेलपत्र अर्पित करने के साथ कथा श्रवण और प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ अर्जित कर रहे हैं।

कथा के चौथे दिन व्यासपीठ से प्रवचन करते हुए आचार्य अनूप उनियाल ने कहा कि पंचमहाभूत—क्षिति, जल, पावक, गगन और समीरा—से निर्मित यह दुर्लभ मानव शरीर ईश्वर प्राप्ति का श्रेष्ठ साधन है। इसे व्यर्थ न गंवाकर प्रभु भक्ति में लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान शिव आशुतोष हैं, जो सच्चे मन से की गई छोटी-सी साधना से भी प्रसन्न होकर भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। मानव जीवन का वास्तविक उद्देश्य ईश्वर की भक्ति के माध्यम से जन्म-मरण के बंधन से मुक्ति प्राप्त करना है।
सावन मास में आयोजित इस धार्मिक आयोजन से पूरा बामेश्वर क्षेत्र शिवमय हो उठा है। आसपास के गांवों के साथ दूर-दराज क्षेत्रों से भी श्रद्धालु, रिश्तेदार और धियाणियां कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं। प्रतिदिन भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जा रहा है।

आयोजन समिति की सतेश्वरी देवी एवं देव डोली उपासक विकास राणा ने बताया कि 29 जुलाई को मां दक्षिणकाली देवी डोली का वार्षिक उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर त्रिवेणी घाट से बामेश्वर शिवालय स्थित कथा पंडाल तक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। प्रातः 10 बजे से माता के चावल देखने की पूजा, दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक शिव महापुराण कथा तथा इसके बाद देव डोली का नृत्य और मंडाण का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं को माता के सिद्ध ताबीज भी वितरित किए जाएंगे। 30 जुलाई को यज्ञ-हवन एवं विशाल भंडारे के साथ शिव महापुराण कथा का समापन होगा।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण एवं धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि आयोजन को सफल बनाने में क्षेत्र की ग्राम सभाओं, महिला मंगल दलों, युवक मंगल दलों तथा स्थानीय लोगों का सराहनीय सहयोग मिल रहा है।
इस अवसर पर मंदिर पुजारी बाबा तूफान नाथ, देव डोली उपासक विकास राणा, सतेश्वरी देवी, आचार्य आशीष सेमवाल, अरविंद उनियाल, प्रियांशु खकरियाल, सार्थक एनथरा, अभिषेक चौहान, अखिल चौहान, जयप्रकाश डबरियाल, अर्जुन डौंडियाल, दिनेश डौंडियाल, सेम साकरी की प्रधान सरोजनी देवी, सतपाल सिंह भंडारी, सतेन्द्र कुमार, पृथ्वी सिंह भंडारी, रणवीर भंडारी, बृजमोहन चमोला, यशपाल विष्ट, शम्भू प्रसाद डिमरी, भगवती प्रसाद, लक्ष्मण सिंह भंडारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
