शिक्षा/साहित्य

शैक्षिक नवाचारों के अध्ययन को लेकर डायट गौचर दल का बागेश्वर भ्रमण

 

गौचर, 12 मई (गुसाईं)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गौचर के 44 सदस्यीय दल ने मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली आकाश सारस्वत के नेतृत्व में जिला बागेश्वर के विभिन्न विद्यालयों और शैक्षिक संस्थानों का शैक्षिक अनुश्रवण एवं अध्ययन भ्रमण किया। दो दिवसीय इस भ्रमण का उद्देश्य बागेश्वर में संचालित उत्कृष्ट शैक्षिक गतिविधियों, नवाचारों, विद्यालय प्रबंधन, छात्र संख्या वृद्धि, पुस्तकालय विकास, तकनीकी शिक्षा तथा छात्र-केंद्रित शिक्षण प्रक्रियाओं का अध्ययन करना था, ताकि इन नवाचारों को भविष्य में जिला चमोली के विद्यालयों में भी लागू किया जा सके।

भ्रमण के पहले दिन दल ने पीएम श्री राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय कपकोट की प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया। विद्यालय में विद्यार्थियों के अनुशासन, आत्मविश्वास, प्रस्तुतीकरण क्षमता तथा शिक्षकों की सक्रियता ने भ्रमण दल को विशेष रूप से प्रभावित किया। शिक्षकों ने गतिविधि आधारित शिक्षण, पुस्तकालय उपयोग, कला एवं खेल गतिविधियों तथा समुदाय सहभागिता से जुड़े प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी। दल ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से संवाद कर विद्यालय की कार्यप्रणाली को समझा।
विद्यालय की छात्र संख्या में हुई उल्लेखनीय वृद्धि का भी अध्ययन किया गया। बताया गया कि वर्ष 2016 तक विद्यालय में मात्र 38 छात्र थे, जबकि वर्तमान में यह संख्या बढ़कर 325 पहुंच गई है। भ्रमण दल ने इसे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रभावी प्रबंधन और समुदाय के विश्वास का परिणाम बताया।
इसके बाद दल ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय उतरौड़ा तथा राजकीय जूनियर हाईस्कूल पनौरागूंठ का भ्रमण किया। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में वार्डन सरस्वती कोरंगा के नेतृत्व में छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित आवासीय वातावरण तथा विभिन्न सह-शैक्षिक गतिविधियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। विद्यालय में आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग की छात्राएं अध्ययनरत हैं, जो सामान्य परिस्थितियों में विद्यालयी शिक्षा से वंचित रह जाती हैं। पनौरागूंठ में प्रधानाचार्य दयाल चंद्र जोशी के प्रयासों की भ्रमण दल ने सराहना की।
दूसरे दिन दल ने डायट बागेश्वर पहुंचकर संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों, नवाचारों एवं शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान डायट बागेश्वर के प्राचार्य चक्षुपति अवस्थी भी मौजूद रहे। दल ने अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज वज्यूला का भी निरीक्षण किया। यहां विकसित सशक्त पुस्तकालय, रेडक्रॉस के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों तथा छात्र-केंद्रित गतिविधियों का अवलोकन किया गया। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि वर्तमान में यह विद्यालय जिले में सर्वाधिक छात्र संख्या वाला विद्यालय है। भ्रमण दल ने विद्यालय के शैक्षिक वातावरण एवं व्यवस्थाओं की सराहना की।
भ्रमण के दौरान प्राथमिक विद्यालय पिंगलो तथा राजकीय जूनियर हाईस्कूल पिंगलो का भी अनुश्रवण किया गया। प्राथमिक विद्यालय पिंगलो के विद्यार्थियों का विभिन्न प्रतियोगिताओं में लगातार चयन विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाता है। वहीं जूनियर हाईस्कूल पिंगलो में विद्यार्थियों को नियमित शिक्षण के साथ-साथ बेसिक कंप्यूटर कोर्स सहित विभिन्न व्यावहारिक एवं तकनीकी गतिविधियों से भी जोड़ा जा रहा है।
भ्रमण से लौटने के बाद मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली आकाश सारस्वत ने बताया कि भ्रमण दल के सभी सदस्यों को तीन दिवस के भीतर अपनी विस्तृत अनुश्रवण रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इन रिपोर्टों के आधार पर बागेश्वर जिले के विद्यालयों एवं संस्थानों में संचालित अभिनव प्रयोगों और सफल मॉडलों को संकलित कर जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद इन नवाचारों को चरणबद्ध तरीके से जिला चमोली के विद्यालयों में लागू करने का प्रयास किया जाएगा।
भ्रमण दल में दल प्रभारी वीरेंद्र सिंह कठैत, रविंद्र सिंह बर्त्वाल, बचन लाल जितेला, डॉ. कमलेश कुमार मिश्र, गोपाल प्रसाद कपरुवाण, डॉ. गजपाल रामराज, योगेंद्र सिंह बर्त्वाल, सुमन भट्ट, मनोज धपवाल, रमेश चंद्र, श्रीमती सुमन रानी, प्राची खत्री, निधि भंडारी, किरण पुरोहित, बलवीर बधानी, शशिकांत प्रभा सहित डीएलएड प्रथम एवं द्वितीय सेमेस्टर के प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!