माणा में बना नया पार्किंग कॉरिडोर, जाम के झाम से मिली निजात

प्रशासन, सेना और आईटीबीपी के समन्वय से सुगम हुई यातायात व्यवस्था : पंवार
गोपेश्वर, 12 मई (एम एस गुसाईं)। चारधाम यात्रा के दौरान बद्रीनाथ धाम एवं सीमांत क्षेत्र माणा में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या के चलते यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था बड़ी चुनौती बनती जा रही थी। इसके साथ ही माणा क्षेत्र में मास्टर प्लान ट्रीटमेंट के अंतर्गत प्रचलित निर्माण कार्यों के कारण यात्री वाहनों की पार्किंग में अत्यधिक असुविधा उत्पन्न हो रही थी, जिससे श्रद्धालुओं एवं स्थानीय प्रशासन को लगातार ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कर दिया गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने तत्काल संज्ञान लिया व जिला प्रशासन, सेना एवं आईटीबीपी अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर माणा-घस्तौली मार्ग पर स्थित सेना/आईटीबीपी चैक पोस्ट को सरस्वती पुल के पास स्थानांतरित करने का प्रस्ताव रखा, ताकि यात्री वाहनों के लिए अतिरिक्त पार्किंग स्पेस विकसित किया जा सके।

एक विशेष भेंट में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि सभी संबंधित विभागों ने आपसी समन्वय एवं सकारात्मक सहयोग का परिचय देते हुए चैक पोस्ट को स्थानांतरित करने की मंजूरी प्रदान कर दी गई है। उसके बाद चमोली पुलिस द्वारा आज से यात्री वाहनों को घस्तौली मार्ग पर व्यवस्थित रूप से पार्क करवाना शुरू किया गया।
उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद वहां पर अब लगभग 150 से 200 वाहन आसानी से पार्क हो पा रहे हैं, जिससे माणा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पहले की अपेक्षा अधिक सुचारु एवं व्यवस्थित हो गई है। श्री पंवार ने बताया कि श्रद्धालुओं को जाम से राहत मिलने के साथ यात्रा भी अधिक सुगम एवं सुविधाजनक बन रही है और चमोली पुलिस लगातार जिला प्रशासन, सेना व आईटीबीपी एवं अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर चारधाम यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुगम बनाने हेतु निरंतर कार्य कर रही है।
