Front Page

धामी से मिले बाबा रामदेव, योग-आयुर्वेद और वेलनेस पर्यटन को बढ़ावा देने पर चर्चा

 

देहरादून, 2 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में योगगुरु बाबा रामदेव ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच उत्तराखंड के विकास के साथ ही योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और राज्य की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पहचान धार्मिक और आध्यात्मिक केंद्र के साथ ही योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा की भूमि के रूप में भी है। राज्य सरकार उत्तराखंड की इस विशिष्ट पहचान को देश-दुनिया में और मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग और आयुर्वेद भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर हैं। उत्तराखंड में इन दोनों क्षेत्रों के विकास की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। इनके सुनियोजित विकास से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने के साथ ही पर्यटन, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा किए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि हिमालयी राज्य होने के कारण उत्तराखंड में वेलनेस पर्यटन, योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में विशेष संभावनाएं हैं। प्रदेश के प्राकृतिक वातावरण और आध्यात्मिक स्थलों को इन गतिविधियों से जोड़कर उत्तराखंड को देश-दुनिया के प्रमुख वेलनेस गंतव्य के रूप में विकसित किया जा सकता है। राज्य सरकार इस दिशा में आवश्यक कदम उठा रही है।

योगगुरु बाबा रामदेव ने उत्तराखंड में योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक संपदा, स्वच्छ हिमालयी वातावरण और समृद्ध आध्यात्मिक विरासत राज्य को योग एवं आयुर्वेद के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए अनुकूल आधार प्रदान करती है।

भेंट के दौरान उत्तराखंड की परंपरागत ज्ञान संपदा और प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग करते हुए योग, आयुर्वेद तथा स्वास्थ्य आधारित गतिविधियों को और व्यापक स्वरूप देने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!