क्षेत्रीय समाचार

प्राणमती नदी पर बैली ब्रिज तैयार, पैदल आवागमन शुरू; जल्द बहाल होगा थराली-पैनगढ़ मोटर मार्ग

 

-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 24 जुलाई। थराली-सूना-देवलग्वाड़-पैनगढ़ मोटर मार्ग पर प्राणमती नदी के ऊपर बन रहे बैली ब्रिज का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। इसके साथ ही पुल को पैदल आवाजाही के लिए खोल दिया गया है, जिससे आधा दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिली है। अब पुल के दूसरी ओर लगभग 300 मीटर सड़क का निर्माण पूरा होते ही थराली-पैनगढ़ मोटर मार्ग पर वाहनों का संचालन भी शुरू हो जाएगा।
करीब दो माह में बैली ब्रिज का निर्माण पूरा होने पर क्षेत्रवासियों ने राहत व्यक्त करते हुए थराली विधायक भूपाल राम टम्टा का आभार जताया है।
गौरतलब है कि प्राणमती नदी पर बना स्थायी मोटर पुल वर्ष 2013 की आपदा में बह गया था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) थराली ने वर्ष 2023 में यहां बैली ब्रिज का निर्माण कराया, लेकिन वर्ष 2024 की आपदा में वह भी बह गया। इसके बाद उसी वर्ष दोबारा बैली ब्रिज का निर्माण शुरू किया गया, किंतु निर्माणाधीन पुल भारी बारिश की भेंट चढ़ गया। साथ ही नदी का स्पान भी काफी बढ़ गया, जिसके चलते विभाग ने पुराने स्थान के बजाय नदी के ऊपरी हिस्से में देवकुना नामक स्थान पर नया बैली ब्रिज बनाने का निर्णय लिया।
लोनिवि थराली के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा, सहायक अभियंता जे.के. टम्टा और अवर अभियंता दयाशंकर बधानी ने बताया कि नए स्थान पर जून माह से निर्माण कार्य शुरू किया गया था, जिसे शुक्रवार को पूरा कर लिया गया। पुल को फिलहाल पैदल आवागमन के लिए खोल दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुल के दूसरी ओर लगभग 300 मीटर सड़क का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसके पूरा होते ही थराली-पैनगढ़ मोटर मार्ग पर नियमित यातायात बहाल कर दिया जाएगा।
इस बीच भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र बिष्ट, पूर्व मंडल अध्यक्ष नंदू बहुगुणा, रणजीत सिंह नेगी, अनिल मिश्रा, सभासद मोहन पंत, दिवाकर नेगी, प्रकाश चंदोला, गंगा सिंह बिष्ट, सूना की क्षेत्र पंचायत सदस्य सुमन देवराड़ी, थराली की पूर्व प्रधान भावना गुसाईं, भाजपा नेत्री अमिता देवी और राजेश्वरी पुरोहित सहित अन्य लोगों ने बैली ब्रिज का निर्माण शीघ्र पूरा कराने पर विधायक भूपाल राम टम्टा का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने शेष 300 मीटर सड़क निर्माण कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!