जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं के समर्थन में कांग्रेस का प्रदर्शन

देहरादून, 24 जुलाई। कांग्रेस के युवा नेता रितेश छेत्री के नेतृत्व में गुरुवार को कैंट विधानसभा क्षेत्र के किशननगर चौक पर नई दिल्ली के जंतर-मंतर में प्रदर्शन कर रहे बेरोजगार युवाओं के समर्थन में विरोध-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा प्रतीकात्मक रूप से पुतला दहन कर अपनी नाराजगी व्यक्त की।
इस अवसर पर रितेश छेत्री ने कहा कि युवाओं से जुड़े भर्ती और परीक्षा मामलों में पारदर्शिता तथा निष्पक्षता सुनिश्चित की जानी चाहिए। उनका कहना था कि बेरोजगार युवाओं की चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी विभिन्न भर्ती परीक्षाओं और पेपर लीक जैसे मामलों को लेकर युवाओं की आवाज़ उठा रहे हैं।
छेत्री ने उत्तराखंड में हाल ही में सामने आए तकनीकी विश्वविद्यालय के कथित पेपर लीक प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे मामलों से युवाओं का विश्वास प्रभावित होता है। उन्होंने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाया जाए तथा यदि किसी मामले में अनियमितता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाती रहेगी और युवाओं से भी अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक ढंग से आवाज़ उठाने का आह्वान किया।
प्रदर्शन में पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, महामंत्री नवीन जोशी, मोहन जोशी, पिया थापा, अनिल बस्नेत, दीप वोहरा, प्रमोद गुप्ता, कासिम चौधरी, अवधेश कटारिया, राजीव प्रजापति, संजय शर्मा, महताब आलम, अनिल नेगी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
