चमोली में SIR शुरू, पद्मभूषण चंडी प्रसाद भट्ट ने भरा गणना प्रपत्र
गोपेश्वर, 8 जून (कपरुवाण/गुसाईं)। शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने के उद्देश्य से जनपद चमोली में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत सोमवार से घर-घर सत्यापन कार्य शुरू हो गया। अभियान के प्रथम दिन प्रख्यात पर्यावरणविद एवं महात्मा गांधी शांति पुरस्कार से सम्मानित चंडी प्रसाद भट्ट ने भी अपना गणना प्रपत्र भरकर नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के लिए 29 मई से 7 जून तक सभी तैयारियां, प्रशिक्षण और आवश्यक मुद्रण कार्य पूर्ण कर लिए गए थे। इसके तहत 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे तथा गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रहण करेंगे।
जनपद में कुल 592 बीएलओ इस अभियान में लगाए गए हैं। इनमें बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में 210, थराली में 203 और कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में 179 बीएलओ तैनात किए गए हैं। अभियान के पहले दिन बद्रीनाथ क्षेत्र में 1,353, थराली में 1,916 तथा कर्णप्रयाग में 1,600 गणना प्रपत्र वितरित किए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 2 लाख 95 हजार 623 गणना प्रपत्र मतदाताओं से भरवाए जाने हैं। सभी बीएलओ निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर प्रपत्र भरवाने का कार्य कर रहे हैं।
अभियान के दौरान गोपेश्वर गांव के भाग संख्या-97 में तैनात बीएलओ सूरत सिंह असवाल ने पर्यावरणविद चंडी प्रसाद भट्ट का गणना प्रपत्र भरवाया। इस अवसर पर श्री भट्ट ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने मतदाता विवरण का सत्यापन अवश्य कराना चाहिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी डी.सी. सती ने बताया कि प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 14 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। मतदाता ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से अपने दावे एवं आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। प्राप्त आवेदनों का निस्तारण 11 सितंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को होगा।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मृत, स्थानांतरित, अपात्र और डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाकर मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और विश्वसनीय बनाना है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सभी राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि व्यापक जनसहभागिता से ही सशक्त, पारदर्शी और भरोसेमंद मतदाता सूची तैयार की जा सकती है।
