परिसीमन विधेयक के समर्थन में उतरा भाजपा महिला मोर्चा
गौचर, 29 नवंबर (गुसाईं)। सोमवार को लोकसभा में प्रस्तावित परिसीमन विधेयक के समर्थन में भाजपा महिला मोर्चा खुलकर सामने आया है। मोर्चा की पदाधिकारियों का कहना है कि यह विधेयक राजनीतिक क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
रविवार को गौचर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पवित्रा बिष्ट, नगर मंडल अध्यक्ष सरोजिनी भंडारी, काजल भंडारी और जयंती बिष्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रस्तावित परिसीमन विधेयक से महिलाओं को राजनीति में आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलेंगे।
महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पवित्रा बिष्ट ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें महिला सशक्तीकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं। प्रस्तावित परिसीमन विधेयक महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधेयक का विरोध करने वाले लोग महिला विरोधी मानसिकता का परिचय दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में महिलाएं घरों से बाहर निकलकर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। राजनीतिक क्षेत्र में भी उनकी सक्रियता लगातार बढ़ रही है। परिसीमन विधेयक पारित होने से महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और मजबूत होगी।
इस अवसर पर काजल भंडारी ने कहा कि राज्य सरकार की ‘भैणी-भुली’ योजना से महिला समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक संबल मिलेगा। उन्होंने बताया कि समूह की प्रत्येक सदस्य को पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। आगामी चरण में शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को भी इस योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

