Front Page

मुख्यमंत्री ने स्वच्छ ईंधन आधारित 11 वाहनों को दिखाई हरी झंडी

देहरादून, 28 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में उत्तराखंड स्वच्छ गतिशीलता परिवर्तन नीति-2024 के तहत स्वच्छ ईंधन आधारित 11 सार्वजनिक परिवहन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान छह प्राथमिक लाभार्थी वाहन स्वामियों को पूंजीगत अनुदान एवं प्रोत्साहन राशि के चेक भी वितरित किए गए। परिवहन विभाग के अनुसार पांच अन्य लाभार्थियों की सब्सिडी और स्वीकृति की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ ईंधन आधारित सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार विभिन्न प्रोत्साहन योजनाएं संचालित कर रही है। उनका उद्देश्य डीजल चालित वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और शहरी क्षेत्रों में आधुनिक व स्वच्छ परिवहन व्यवस्था विकसित करना है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड स्वच्छ गतिशीलता परिवर्तन नीति-2024 के तहत सीएनजी, इलेक्ट्रिक तथा अन्य स्वच्छ ईंधन आधारित वाहनों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे सार्वजनिक परिवहन अधिक सुविधाजनक होने के साथ-साथ प्रदूषण में भी कमी आने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देहरादून, हरिद्वार और हल्द्वानी में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का विस्तार कर रही है। इसके साथ ही प्रदेशभर में ईवी चार्जिंग स्टेशनों का नेटवर्क विकसित किया जा रहा है, ताकि इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्रों में रोपवे और आधुनिक अर्बन ट्रांसपोर्ट सिस्टम के विकास पर भी कार्य जारी है, जिससे यातायात का दबाव कम होगा और पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए पीएम सूर्य घर योजना के तहत रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना भी तेज़ी से करा रही है। राज्य 40 हजार रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने का प्रारंभिक लक्ष्य समय से पहले हासिल कर चुका है तथा कुल निर्धारित लक्ष्य का लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
कार्यक्रम में परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा लाभार्थी वाहन स्वामी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!