अन्य

संत लाल दास के निर्वाण दिवस कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी

हरिद्वार, 22 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सप्तसरोवर रोड स्थित श्री ब्रह्म निवास आश्रम में संत लाल दास के 51वें निर्वाण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि संत लाल दास ने जीवनभर सेवा, सत्य और भक्ति का संदेश दिया तथा समाज को जोड़ने का प्रयास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत समाज ने देश की धर्म और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद बेहतर समाज और विकास के लिए लगातार प्रयास जरूरी हैं।
धामी ने कहा कि देश में धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास पर ध्यान दिया जा रहा है। अयोध्या में राम मंदिर, काशी और उज्जैन में कॉरिडोर के साथ उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों के विकास के कार्य भी किए जा रहे हैं। केदारनाथ पुनर्निर्माण के साथ मंदिर माला मिशन के तहत विभिन्न मंदिरों के पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है।
उन्होंने कहा कि केदारनाथ और हेमकुंड साहिब के लिए रोपवे परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। इससे दुर्गम तीर्थ स्थलों तक पहुंच आसान होगी। हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश कॉरिडोर और आस्था पथ सहित विभिन्न योजनाओं पर भी कार्य चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और पर्यावरणीय स्वरूप को सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकता है। अवैध निर्माण और सामाजिक-सांस्कृतिक वातावरण को प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने देहरादून में स्थापित हिंदू अध्ययन केंद्र का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां धर्म-संस्कृति के साथ ज्ञान-विज्ञान से जुड़े अध्ययन और शोध को बढ़ावा दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में संत चेतनानंद, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, आपदा प्रबंधन उपाध्यक्ष विनय रोहिल्ला सहित संत समाज, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!