राजनीति

कांग्रेस ने राकेश टिकैत की यूनियन में भी कर दी सेंधमारी

देहरादून, 8 जनवरी (उहि)। उत्तराखण्ड विधानसभा के चुनाव से पूर्व राजनीतिक दलों का एक दूसरे को तोड़ कर अपनी स्थिति मजबूत करने का क्रम जारी है। इस सिलसिले में भाजपा से सत्ता छीनने के लिये आतुर कांग्रेस पार्टी कुछ आगे नजर आ रही है। भाजपा और आप समेत कुछ दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को तोड़ने के साथ ही कांग्रेस ने राकेश टिकैत की किसान यूनियन में भी सेंध लगानी शुरू कर दी है। इस संगठन के कुछ नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने को लेकर राजनीतिक विश्लेषकों को आशंका है कि कहीं कांग्रेस ने बर्रे के छत्ते में तो हाथ नहीं डाल दिया?

प्रदेश कांग्रेस की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसारउत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की उपस्थिति में भारतीय किसान यूनियन टिकैत गु्रप के प्रदेश महासचिव रणवीर सिंह चैहान, गढ़वाल मण्डल अध्यक्ष गुरेन्द्र सिंह बॉबी ने श्रीमती सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी के नेतृत्व में आस्था व्यक्त करते हुए अपने दर्जनों साथियों के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में रणवीर सिंह चैहान एवं गुरेन्द्र सिंह बॉबी तथा उनके साथियों का कांग्रेस पार्टी में स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलवाते हुए कहा कि श्री रणवीर सिंह चैहान एवं गुरेन्द्र सिंह बॉबी तथा उनके साथियों के कांग्रेस पार्टी में आने से आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को इसका लाभ मिलेगा। उन्होने कहा कि भाजपा के कुशासन से समाज का हर तबका त्रस्त हो चुका है। पिछली कांग्रेस सरकार के समय जनहित की योजनाओं को बंद कर दिया गया है तथा राज्य का विकास ठप्प हो चुका है । राज्य की जनता भाजपा के कुशासन से उबरना चाहती है तथा एकबार फिर से कांग्रेस को सत्ता सौंपकर राज्य में विकास के पहियों को चलाना चाहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!