राहुल गांधी के पौड़ी नहीं पहुंचने पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, नागरिक उड्डयन विभाग पर लगाए आरोप

– दिग्पाल गुसाईं –
गौचर, 7 जून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खराब मौसम के कारण पौड़ी नहीं पहुंच पाने के प्रकरण को लेकर कांग्रेस नेता एवं वर्ष 2022 में कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे मुकेश नेगी ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने इसके लिए नागरिक उड्डयन विभाग के महानिदेशक को जिम्मेदार ठहराते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
अमर हिन्दुस्तान से बातचीत में मुकेश नेगी ने कहा कि राहुल गांधी के पौड़ी नहीं पहुंच पाने के पीछे मौसम खराब होने का हवाला देकर उनके हेलीकॉप्टर को उड़ान की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने प्रश्न उठाया कि जब पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत अल्मोड़ा से देहरादून तथा कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा पौड़ी से देहरादून हेलीकॉप्टर से रवाना हुए, तब मौसम उनके लिए बाधक क्यों नहीं बना।
नेगी ने कहा कि राहुल गांधी के कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुंच पाने के बावजूद अल्मोड़ा और पौड़ी में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ी। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी पूर्व सैनिकों की वन रैंक-वन पेंशन, अग्निवीर योजना, अर्धसैनिक बलों की समस्याओं तथा उत्तराखंड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर संवाद करने के लिए अल्मोड़ा और पौड़ी पहुंचने वाले थे।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने वर्चुअल माध्यम से लोगों को संबोधित किया और अंकिता भंडारी के माता-पिता से भी बातचीत की। उनके अनुसार, पौड़ी की रैली में बड़ी संख्या में युवा, पूर्व सैनिक और मातृशक्ति शामिल हुए, जो परिवर्तन की इच्छा को दर्शाता है।
मुकेश नेगी ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस मजबूत स्थिति में होगी और जनता बदलाव के पक्ष में दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा पुनः प्रस्तावित किया जाएगा तथा आगामी समय में प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता भी राज्य का दौरा करेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकारी संस्थाओं के दुरुपयोग पर आमादा है और इस प्रकार की घटनाओं से जनता के बीच गलत संदेश जाता है। नेगी ने कहा कि अल्मोड़ा और पौड़ी में उमड़ी भीड़ ने स्पष्ट संकेत दिया है कि जनता बदलाव के मूड में है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
