कांग्रेस ने टिकट न मिलने से नाराज नेताओं को मनाना शुरू किया
देहरादून 29 जनवरी (उ ही)। उत्तराखंड कांग्रेस ने टिकट न मिलने से नाराज अपने नेताओं को मनाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में लैंसडौन से कांग्रेस टिकट से वंचित रघुबीर सिंह बिष्ट को प्रदेश महामंत्री बनाने के साथ ही श्रीनगर में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का चुनाव संभालने की जिम्मेदारी सौंपी गयी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल द्वारा प्रदेश कांग्रेस कमेटी संगठन का विस्तार करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता रघुवीर सिंह बिष्ट को प्रदेश महामंत्री एवं दान सिंह राणा, देवेन्द्र कन्याल, मेहदी हसन एवं नासिर खान को प्रदेश सचिव पद की जिम्मदारी सौंपी गई है।
उपरोक्त जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव संगठन मथुरादत्त जोशी ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल द्वारा प्रदेश कांग्रेस संगठन का विस्तार करते हुए रघुवीर सिंह बिष्ट को प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी के साथ-साथ श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में समन्वयक का दायित्व भी सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता दान सिंह राणा, मेहदी हसन एवं श्री नासिर खान को प्रदेश सचिव बनाया गया है। गणेश गोदियाल ने सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा की है कि वे अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए अपने-अपने क्षेत्र के पार्टी प्रत्याशियों की विजय सुनिश्चित करने में सहयोग करेंगे।