नूतन छात्र-छात्राओं के लिए प्रवेशोत्सव शुरू, 4 जून से काउंसलिंग
पोखरी, 3 जून (राणा)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नागनाथ पोखरी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीए एवं बीएससी प्रथम सेमेस्टर की मेरिट सूची जारी कर दी गई है। मेरिट सूची में चयनित अभ्यर्थियों को 4 जून से महाविद्यालय में आयोजित काउंसलिंग एवं दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया में आवश्यक मूल प्रमाण-पत्रों तथा उनकी छायाप्रतियों सहित उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रीटा शर्मा ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया विश्वविद्यालय एवं शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलती है। महाविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है।
प्रवेश प्रक्रिया के सफल संचालन हेतु गठित समिति में मुख्य शास्ता डॉ. संजीव कुमार जुयाल, आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. नन्दकिशोर चमोला तथा सदस्य डॉ. कीर्ति गिल, डॉ. प्रवीण मैठाणी, डॉ. केवलानन्द, डॉ. कंचन सहगल एवं डॉ. किरण चौहान शामिल हैं।
प्रवेश संबंधी जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रवेश समिति की संयोजिकाएं डॉ. रेनू सनवाल तथा डॉ. कंचन सहगल द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा। महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित सभी आवश्यक सूचनाएं महाविद्यालय की वेबसाइट एवं सोशल मीडिया माध्यमों पर भी उपलब्ध करा दी गई हैं।
