मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर सीपीएम का प्रदर्शन

देहरादून, 3 अक्टूबर। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने शनिवार को चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर देहरादून में प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय से गांधी पार्क तक जुलूस निकाला और मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला फूंका।
प्रदर्शन के दौरान सीपीएम कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पद से हटाने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि चुनाव आयोग स्वतंत्र और निष्पक्ष ढंग से काम नहीं कर रहा है।
सीपीएम नेताओं ने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल के कुछ फैसलों और मतदाता सूचियों से जुड़े मामलों ने आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। पार्टी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग करते हुए चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदर्शन में सीपीएम के राज्य सचिव राजेंद्र पुरोहित, जिला सचिव शिवप्रसाद देवली, देहरादून सचिव अनंत आकाश, सचिवमंडल सदस्य लेखराज, किसान सभा के प्रदेश महामंत्री भूपाल सिंह रावत, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सीपीएम नेता गंगाधर नौटियाल, सीटू अध्यक्ष एस.एस. नेगी, राज्य कोषाध्यक्ष मनमोहन सिंह, एसएफआई जिला सचिव अयाज खान और छात्रसंघ उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए।
इस दौरान सीपीएम नेता सुरेंद्र सिंह सजवाण, सीटू उपाध्यक्ष भगवंत पयाल, राम सिंह भंडारी, कोषाध्यक्ष रविंद्र नौडियाल, सचिव अभिषेक भंडारी, हिमांशु चौहान, एसएफआई अध्यक्ष प्रियंका, यू.एन. बलूनी, मनीष कुमार, नितिन बौंठियाल, रामप्रवेश और सोनू कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
