उत्तराखंड चुनाव के लिए कांग्रेस ने तेज की तैयारी
प्रत्याशी चयन पर मंथन, केंद्रीय स्क्रीनिंग कमेटी देहरादून पहुंची
देहरादून, 28 नवंबर। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। चुनावी रणनीति तैयार करने और संभावित प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की केंद्रीय स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य शनिवार को देहरादून पहुंचे। कमेटी ने प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं और राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्यों के साथ बैठकें कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की।
स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष दीपा दासमुंशी के साथ सदस्य अनिल चौधरी और पाल भाई आंबलिया के देहरादून पहुंचने के बाद बैठकों का दौर शुरू हुआ। पहली बैठक में प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की स्थिति, चुनावी रणनीति और आगामी चुनौतियों पर चर्चा की गई। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य करन माहरा और उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी सहित वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
इसके बाद स्क्रीनिंग कमेटी ने प्रदेश कांग्रेस राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्यों के साथ बैठक की। इसमें विधानसभा क्षेत्रों के राजनीतिक समीकरणों और चुनावी संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ। संभावित प्रत्याशियों की दावेदारी, संगठन में सक्रियता, क्षेत्र में जनाधार और स्थानीय कार्यकर्ताओं से मिलने वाले फीडबैक को चयन के संभावित आधारों में शामिल किया गया।
बैठक में प्रदेश के राजनीतिक हालात और विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में संगठन की स्थिति पर भी विचार रखे गए। राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक में गणेश गोदियाल, यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह, करन माहरा, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, भुवन कापड़ी, विधायक ममता राकेश, विक्रम सिंह नेगी और रवि बहादुर मौजूद रहे।
इनके अलावा पूर्व मंत्री नवप्रभात, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, महेंद्र पाल सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित और एनएसयूआई अध्यक्ष विकास नेगी ने भी बैठक में भाग लिया।
केंद्रीय स्क्रीनिंग कमेटी के दौरे को कांग्रेस की चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बैठकों में विधानसभा क्षेत्रों की स्थिति, संगठन की मजबूती और संभावित उम्मीदवारों को लेकर प्रारंभिक चर्चा हुई। आने वाले समय में प्रत्याशी चयन और चुनावी रणनीति पर पार्टी की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।

