Front Pageखेल/मनोरंजन

दिव्यांगता नहीं बनी बाधा, अनुराग रावत ने नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन में दिखाई अदम्य इच्छाशक्ति

 

जोशीमठ, 1 जून (कपरुवाण)। चमोली जिले की सीमांत नीति घाटी में 31 मई से 2 जून तक आयोजित “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन” में 25 वर्षीय अनुराग रावत ने अदम्य साहस, आत्मविश्वास और अटूट जज्बे का परिचय देते हुए लगभग एक घंटा 45 मिनट में 10 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण दौड़ पूरी कर सभी प्रतिभागियों और दर्शकों को प्रेरित किया।
“बियॉन्ड लिमिट्स, बियॉन्ड द कैन्यन” की भावना को साकार करते हुए अनुराग ने साबित कर दिया कि दृढ़ इच्छाशक्ति और मजबूत संकल्प के सामने कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती।
मूल रूप से पौड़ी जिले के निवासी तथा वर्तमान में दिल्ली में रह रहे अनुराग रावत ने सेरेब्रल पाल्सी जैसी दिव्यांगता के बावजूद नीति घाटी की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों में यह कठिन दौड़ सफलतापूर्वक पूरी की। ऊंचे पहाड़ों, कठिन मार्गों और सीमित ऑक्सीजन जैसी विषम परिस्थितियों के बीच उनका प्रदर्शन सभी के लिए प्रेरणास्रोत बन गया।
अनुराग की इस उपलब्धि ने यह संदेश दिया कि दिव्यांगता किसी व्यक्ति की क्षमता को सीमित नहीं कर सकती। उनके साहस, दृढ़ निश्चय और सकारात्मक सोच ने आयोजन में मौजूद प्रत्येक व्यक्ति को प्रभावित किया। नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन में उनका प्रदर्शन केवल एक खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जीवन की चुनौतियों से संघर्ष करते हुए आगे बढ़ने की प्रेरक मिसाल बन गया।
अनुराग ने बताया कि इससे पूर्व भी वह विभिन्न खेल एवं दौड़ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके हैं। उन्होंने कहा, “सीमाएं केवल हमारे दिमाग में होती हैं। यदि संकल्प मजबूत हो तो इंसान अपने शरीर को किसी भी मंजिल तक पहुंचा सकता है।”
नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन के इस भव्य आयोजन में देशभर से उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली। सीमांत नीति घाटी में आयोजित इस साहसिक खेल महाकुंभ में देश के 27 राज्यों से आए 1200 से अधिक प्रतिभागियों ने विभिन्न श्रेणियों की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते हुए साहस, उत्साह और खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया।
अनुराग रावत की उपलब्धि ने इस आयोजन को एक नई प्रेरणा प्रदान की है और यह साबित किया है कि हौसलों की उड़ान के सामने कोई भी शारीरिक चुनौती बड़ी नहीं होती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!