क्राइम

चरस तस्कर बलवीर को गौचर पुलिस ने किया गिरफ्तार

 

गौचर, 7 मई (गुसाईं)। गौचर पुलिस ने अवैध चरस तस्करी के मुख्य आरोपी बलवीर सिंह को देवाल क्षेत्र से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। बुधवार को आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की मांग की गई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ माह पूर्व 520 ग्राम अवैध चरस के साथ अजय सिंह पिमोली को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने बताया था कि वह चरस ग्राम हिमनी निवासी बलवीर सिंह से खरीदकर लाया था और उसे श्रीनगर कॉलेज में छात्रों को बेचने के लिए ले जा रहा था। बताया गया कि पिमोली स्वयं श्रीनगर में बीटेक का छात्र है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया था।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अजय सिंह और बलवीर सिंह की कॉल डिटेल तथा बैंक लेनदेन की जांच की। जांच के आधार पर पुलिस ने कई बार बलवीर सिंह के संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह हर बार पुलिस को चकमा देने में सफल रहा।

मंगलवार को मुखबिर से मिली सूचना पर गौचर चौकी प्रभारी मानवेन्द्र सिंह गुसाईं के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल प्रदीप बहुखंडी, कांस्टेबल संतोष सिंह तथा देवाल चौकी के हेड कांस्टेबल दिगंबर सिंह रावत की टीम ने ग्राम घेस से देवाल जाने वाले मार्ग पर दबिश देकर बलवीर सिंह उर्फ बल्ली को गिरफ्तार कर लिया।

चौकी प्रभारी मानवेन्द्र गुसाईं ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की गई है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!