विशेषज्ञों ने बताया, वीआर तकनीक स्वास्थ्य शिक्षा में ला रही क्रांतिकारी बदलाव
तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में “एडवांसिंग हेल्थकेयर ट्रेनिंग थ्रू वर्चुअल रियलिटी” विषय पर दो दिवसीय हैंड्स ऑन ट्रेनिंग वर्कशॉप आयोजित
मुरादाबाद, 7 मई। मेडीसिम वीआर, चेन्नई के हेड ऑफ एकेडमिक एंगेजमेंट डॉ. आदित्य जोसेफ परंपिल और क्लिनिकल एजुकेटर श्री रोबिन बेंजामिन ने कहा कि वर्चुअल रियलिटी (वीआर) तकनीक स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन ला रही है। यह तकनीक न केवल विद्यार्थियों की सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाती है, बल्कि उन्हें वास्तविक जीवन की चुनौतियों के लिए भी बेहतर ढंग से तैयार करती है।
उन्होंने कहा कि वीआर एक जोखिममुक्त प्रशिक्षण पद्धति है, जिसके माध्यम से छात्र बिना किसी मरीज को नुकसान पहुंचाए आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर और आपातकालीन परिस्थितियों जैसी जटिल स्थितियों का सहज अभ्यास कर सकते हैं। इससे विद्यार्थियों की समझ, स्मरण क्षमता और व्यावहारिक दक्षता में वृद्धि होती है। विशेष रूप से मेंटल हेल्थ नर्सिंग के क्षेत्र में यह तकनीक काफी उपयोगी साबित हो रही है।
विशेषज्ञों ने बताया कि वीआर तकनीक समय और संसाधनों की बचत के साथ-साथ विद्यार्थियों के कौशल विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। भविष्य में इसके माध्यम से टेली नर्सिंग, मेंटल हेल्थ नर्सिंग प्रशिक्षण, आईसीयू, ओटी, एनआईसीयू तथा साइकियाट्रिक नर्सिंग जैसी विशेष प्रशिक्षण सेवाएं अधिक सस्ती, सुरक्षित और सुलभ हो सकेंगी।
वे तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में मेंटल हेल्थ नर्सिंग, चाइल्ड हेल्थ नर्सिंग और ओबीजी नर्सिंग विभागों की ओर से आयोजित दो दिवसीय हैंड्स ऑन ट्रेनिंग वर्कशॉप में बतौर विशेषज्ञ संबोधित कर रहे थे। वर्कशॉप की थीम “एडवांसिंग हेल्थकेयर ट्रेनिंग थ्रू वर्चुअल रियलिटी” रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। वर्कशॉप के दौरान विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों और फैकल्टी सदस्यों को वीआर तकनीक के माध्यम से सीबीजी, इंजेक्शन तथा डॉक्यूमेंटेशन संबंधी प्रशिक्षण दिया। साथ ही विद्यार्थियों ने मरीजों की देखभाल, आपातकालीन परिस्थितियों के प्रबंधन और सर्जिकल प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त किया।
प्रशिक्षण सत्रों में इंटरैक्टिव डेमो, लाइव सिम्युलेशन और केस आधारित लर्निंग एक्टिविटीज के जरिए विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किया गया।
इस अवसर पर नर्सिंग की डीन प्रो. एस.पी. सुभाषिनी, टीएमकॉन की प्राचार्या प्रो. जेसलीन एम., टीपीकॉन की प्राचार्या प्रो. श्योली सेन, वाइस प्रिंसिपल प्रो. रामनिवास, मेंटल हेल्थ नर्सिंग की विभागाध्यक्ष प्रो. सुमन वशिष्ठ, ओबीजी नर्सिंग की विभागाध्यक्ष प्रो. विजीमोल, चाइल्ड हेल्थ नर्सिंग की विभागाध्यक्ष प्रो. सपना सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
