डीएवी कॉलेज देहरादून के चुनाव की हलचल चमोली की पिंडर घाटी तक पहुंची
–-थराली से हरेंद्र बिष्ट ––
कोरोना काल बीतने के बाद हो रहे छात्र संघ चुनावों के तहत आगामी 24 दिसंबर को डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून के चुनाव की गर्माहट चमोली जिले की पिंडर घाटी तक पहुँच रही है।
दरअसल 2020 में कोरोना वायरस फैलने के बाद इस बार सम्पन्न होने वाले छात्र संघ चुनावों के पूरे राज्य में धूम मची हुई है। इस चुनावी दौर में राज्य के सर्वाधिक छात्र संख्या वाले और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण महाविद्यालयों में सुमार डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून में भी 24 दिसंबर को चुनाव संपन्न होने हैं।
इस महाविद्यालय के चुनाव की गर्माहट इस बार पिंडर घाटी में भी पड़ने लगी है। इसका कारण इस बार हो रहे छात्र संघ चुनावों में पहली बार पिंडर घाटी के एक छात्र दयाल सिंह बिष्ट को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के छात्र संगठन, एबीवीपी के द्वारा इस कालेज से अध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में उतारा गया हैं। इतिहास में पहली बार पिंडर घाटी से दयाल को किसी राष्ट्रीय छात्र संगठन के द्वारा डीएवी पीजी कालेज देहरादून के लिए अध्यक्ष पद के लिए टिकट दिया है।
दयाल बिष्ट मूल रूप से चमोली के देवाल विकासखंड के सैन्य बाहुल्य गांव सवाड़ के निवासी हैं। दयाल को राष्ट्रीय छात्र यूनियन के द्वारा टिकट देने के बाद यहां के छात्रों के साथ ही जनप्रतिनिधि भी उसे विजयी बनाने के लिए जुटने लगे हैं। इसी संबंध में थराली के विधायक भूपाल राम टम्टा,सवाड़ की ग्राम प्रधान कंचन मेहरा, सैनिक मेला समिति के अध्यक्ष आलम सिंह बिष्ट आदि ने दयाल को विजई बनाने के लिए यहां के डीएवी कॉलेज में अध्ययनरत छात्र-छात्रा मतदाताओं से दयाल के पक्ष में मतदान करने की अपील की है।