क्षेत्रीय समाचार

जोशीमठ को पर्यटन पड़ाव नहीं स्थायी ठहराव का केंद्र बनाने पर जोर

ज्योतिर्मठ, 26 अगस्त (कपरुवाण)। सीमांत धार्मिक एवं पर्यटन नगरी जोशीमठ-ज्योतिर्मठ को केवल पर्यटकों के आवागमन के पड़ाव के बजाय पर्यटन और साहसिक गतिविधियों के प्रमुख ठहराव केंद्र के रूप में विकसित करने की जरूरत है। इससे भारत-तिब्बत सीमा से सटे इस क्षेत्र में पर्यटन से जुड़े होटल, होम स्टे, यात्रा और साहसिक पर्यटन व्यवसाय में रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
होटल एसोसिएशन जोशीमठ की बुधवार को आयोजित आभासी बैठक में पर्यटन और होटल व्यवसाय से जुड़े कारोबारियों ने जोशीमठ तथा आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की। बैठक में यातायात प्रबंधन और पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था को पर्यटन विकास की प्रमुख जरूरत बताया गया। कारोबारियों का कहना था कि जोशीमठ में पर्यटकों के ठहराव की अवधि बढ़ाने के लिए यातायात जाम और पार्किंग की समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है।
बैठक में जोशीमठ की पर्यटन अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए वर्ष 2023 की भू-धंसाव आपदा के बाद से बंद पड़े जोशीमठ-औली रोपवे को शीघ्र शुरू कराने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया। कारोबारियों ने कहा कि रोपवे का संचालन शुरू होने से औली आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ ही जोशीमठ के होटल और अन्य पर्यटन व्यवसायों को भी लाभ मिलेगा।
फूलों की घाटी और क्वांरी पास की यात्रा पर आने वाले पर्यटकों को जोशीमठ में अधिक समय तक रोकने के लिए ठहराव, ट्रैकिंग और साहसिक पर्यटन के आकर्षक पैकेज तैयार करने पर भी विचार किया गया। इसके साथ ही जोशीमठ के होटल, होम स्टे और स्थानीय पर्यटन उत्पादों की जानकारी पर्यटकों तक आसानी से पहुंचाने के लिए सूचना और संपर्क तंत्र मजबूत करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में जोशीमठ-औली को वर्षभर पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए ट्रैकिंग, यात्रा और पर्यटन से जुड़ी विभिन्न संस्थाओं एवं एजेंसियों से संवाद बढ़ाने पर सहमति बनी। उद्देश्य यह है कि क्षेत्र का पर्यटन केवल चारधाम यात्रा या शीतकालीन पर्यटन तक सीमित न रहे, बल्कि वर्षभर पर्यटकों को आकर्षित करने वाली गतिविधियां विकसित की जाएं।
इस अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति एवं चारधाम के लिए नियुक्त राज्य मंत्री स्तर के सलाहकार माधव प्रसाद सेमवाल का होटल एसोसिएशन की ओर से स्वागत किया गया।
होटल एसोसिएशन जोशीमठ के अध्यक्ष अजय भट्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक में लालमणि सेमवाल, विजय नागर, सुभाष डिमरी, राकेश रंजन विलिंगवाल, दीपक सेमवाल, विकेश डिमरी, अरविंद ज्याला, हिमांशु सती, दीक्षा सती, जेपी राणा, चित्रा घिल्डियाल, अनुज शाह, अनिल सकलानी और सूरज कपरुवाण सहित होटल एवं पर्यटन व्यवसाय से जुड़े प्रतिनिधि शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!