कोटद्वार में कारगिल विजय दिवस से पूर्व वीर सैनिक सम्मान समारोह

पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं का हुआ सम्मान
कोटद्वार, 21 जुलाई। कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के दुर्गापुर स्थित हल्दी हाथ वेडिंग प्वाइंट में रविवार को विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूड़ी भूषण के सौजन्य से वीर सैनिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं को शॉल, स्मृति चिह्न एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अद्वितीय साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी उपस्थित रहे।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने कहा कि कारगिल के वीरों का शौर्य, साहस और राष्ट्रभक्ति सदैव देशवासियों को प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने कहा कि वह एक सैनिक की बेटी हैं और बचपन से ही उन्हें अनुशासन, राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति के संस्कार मिले हैं। सैनिकों एवं उनके परिवारों के त्याग, समर्पण और संघर्ष को उन्होंने निकट से देखा है, इसलिए पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और शहीद परिवारों का सम्मान उनके लिए केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि गर्व और भावनात्मक दायित्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है और यहां के सैनिकों ने हर युद्ध में अदम्य पराक्रम का परिचय देकर देश का गौरव बढ़ाया है। राष्ट्र की रक्षा के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले सैनिकों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों का अनुभव समाज और युवा पीढ़ी के लिए अमूल्य धरोहर है तथा ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सेवा भाव को मजबूत करते हैं।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि कारगिल विजय भारतीय सेना के अद्वितीय साहस, अनुशासन और पराक्रम का प्रतीक है। उत्तराखंड की वीरभूमि ने देश को अनेक वीर सपूत दिए हैं, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। उन्होंने युवाओं से सैनिकों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना की वीरता, शौर्य और साहस का गौरवशाली प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और सैनिक परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सैनिकों का सम्मान राष्ट्र के प्रति उनके अतुलनीय योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।
समारोह में लेफ्टिनेंट जनरल जी.एस. नेगी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बिष्ट ‘गढ़वाली’, कोटद्वार के मेयर शैलेन्द्र सिंह रावत, कर्नल जे.पी. ध्यानी, दर्जाधारी राज्य मंत्री राजेन्द्र अंथवाल, इफको चेयरमैन उमेश त्रिपाठी, सुमन कोटनाला, विपिन कैंथोला, भाजपा मंडल अध्यक्ष विकासदीप मित्तल, प्रेम खंतवाल, आशीष रावत, प्रदीप बलूनी, सतीश देवरानी, प्रमोद केष्टवाल, सुदर्शन सिंह, शैलेन्द्र रावत, दीपक रावत, विनोद चौधरी सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीरांगनाएं, सैनिक परिवार, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
