सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में हरिद्वार पुलिस की कार्रवाई, 94 लाउडस्पीकर हटवाए

हरिद्वार, 18 जुलाई। सुप्रीम कोर्ट के ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण संबंधी दिशा-निर्देशों के शत-प्रतिशत अनुपालन के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार के निर्देश पर जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना सक्षम अनुमति अथवा निर्धारित ध्वनि मानकों का उल्लंघन करते हुए संचालित 94 लाउडस्पीकर धार्मिक स्थलों से हटवाए गए। पुलिस ने भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
हरिद्वार पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा सार्वजनिक शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना था। अभियान के तहत शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने धार्मिक स्थलों पर लगाए गए ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निरीक्षण किया और उनकी ध्वनि तीव्रता तथा अनुमति संबंधी दस्तावेजों की जांच की।

पुलिस के अनुसार निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में संचालित होने वाले कुल 94 लाउडस्पीकर हटवाए गए। इनमें शहर क्षेत्र से 31 तथा देहात क्षेत्र से 63 लाउडस्पीकर शामिल हैं। संबंधित धार्मिक स्थलों के प्रबंधकों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि भविष्य में सक्षम प्राधिकारी की अनुमति प्राप्त किए बिना तथा निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन किए बिना किसी भी प्रकार का लाउडस्पीकर संचालित न किया जाए।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने धार्मिक स्थलों के प्रबंधकों, समितियों और संबंधित व्यक्तियों को ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमों, सुप्रीम कोर्ट के आदेशों तथा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी भी दी। उन्हें बताया गया कि ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण के नियमों का पालन करना सभी संस्थाओं और नागरिकों की जिम्मेदारी है तथा इससे आमजन की सुविधा और सार्वजनिक शांति सुनिश्चित होती है।
हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति या संस्था बिना अनुमति अथवा निर्धारित ध्वनि मानकों का उल्लंघन करते हुए लाउडस्पीकर संचालित करती पाई गई तो उसके विरुद्ध संबंधित अधिनियमों और नियमों के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सभी धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों से ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का स्वेच्छा से पालन करने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की है।
