आपदा/दुर्घटनाक्षेत्रीय समाचार

भारी बारिश से चांदनीखाल–रडुवा–काण्डई चंद्रशिला सड़क बदहाल, मकानों पर भू-कटाव का खतरा, फसलों को भी भारी नुकसान

पोखरी, 1 अगस्त (राजेश्वरी राणा)। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रथम चरण में निर्मित तीन किलोमीटर लंबी चांदनीखाल–रडुवा–काण्डई चंद्रशिला मोटर मार्ग की स्थिति गंभीर रूप से प्रभावित हो गई है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने तथा नालियों, सुरक्षा दीवारों, पुस्तों और स्कपरों का निर्माण अधूरा रहने से कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है और भू-कटाव लगातार बढ़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि रडुवा गांव में बलवीर सिंह बर्तवाल तथा काण्डई चंद्रशिला में विनोद किमोठी, सुनील किमोठी, प्रदीप राणा सहित कई लोगों के आवासीय भवनों पर भू-कटाव का गंभीर खतरा मंडरा रहा है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र सुरक्षा दीवारों, स्कपरों और जल निकासी की नालियों का निर्माण नहीं कराया गया तो भवनों को भारी क्षति पहुंच सकती है।


भारी वर्षा का असर खेती पर भी पड़ा है। दोनों ग्राम सभाओं में किसानों की धान, झंगोरा, मंडुवा और दलहनी फसलें व्यापक रूप से प्रभावित हुई हैं। खेतों में हुए कटाव से कृषि भूमि को भी भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित भवनों और कृषि भूमि की सुरक्षा के लिए सड़क के द्वितीय चरण का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए। साथ ही जल निकासी की नालियों, स्कपरों और सुरक्षा दीवारों का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि भविष्य में जन-धन की हानि से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!