Uncategorized

21 जून की नीट पुनर्परीक्षा के लिए व्यापक तैयारियों के निर्देश

देहरादून, 9 जून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी नीट एवं उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की पुनर्परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली नीट पुनर्परीक्षा के संबंध में कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं पूर्णतः लीक-प्रूफ ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा और निगरानी के सभी इंतजाम समय रहते पूरे किए जाएं। उन्होंने परीक्षार्थियों को परिवहन विभाग की बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शीघ्र शासनादेश जारी करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने जिलाधिकारियों को संभावित वर्षा और आपदा की स्थिति को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्थाएं (बैकअप प्लान) तैयार रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी मार्ग के अवरुद्ध होने पर परीक्षार्थियों को कोई असुविधा न हो।

मुख्य सचिव ने 14 जून 2026 को आयोजित होने वाली उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय पुनर्परीक्षा के लिए भी सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन कराने, परीक्षार्थियों की सघन जांच तथा अन्य सभी सुरक्षा उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।

बैठक में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने कहा कि सभी जिलाधिकारी आयोजन स्थलों पर पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सहायता, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। साथ ही आयोजन स्थलों के समीप पर्याप्त वाहन पार्किंग व्यवस्था भी अनिवार्य रूप से की जाए।

बैठक में उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष श्री जी.एस. मर्तोलिया, प्रमुख सचिव श्री अमित कुमार सिरोही, विशेष प्रमुख सचिव श्री अमित सिन्हा, एडीजी डॉ. वी. मुरूगेशन, सचिव डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, श्री आर. राजेश कुमार, श्री विनोद कुमार सुमन, श्री धीराज सिंह गर्ब्याल तथा महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। जनपदों से जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!