खेल/मनोरंजन

अंतरराष्ट्रीय अल्ट्रा ट्रेल रनर कलम सिंह बिष्ट को सेना प्रमुख का विशेष सम्मान


थराली, 20 जनवरी (हरेंद्र बिष्ट)। विकास खंड देवाल के अंतर्गत मन्दोली निवासी पूर्व सैनिक, अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रसिद्ध अल्ट्रा ट्रेल रनर एवं मन्दोली राइडर्स क्लब के संस्थापक कलम सिंह बिष्ट को एक और बड़ी उपलब्धि हासिल होने जा रही है। भारतीय सेना प्रमुख की ओर से उन्हें 21 जनवरी को सेना मुख्यालय, नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
चौथी गढ़वाल राइफल्स (नूरानांग) के पूर्व सैनिक कलम सिंह बिष्ट को सेना से सेवानिवृत्ति के बाद सामाजिक कार्यों, खेल गतिविधियों तथा राष्ट्र निर्माण में निरंतर योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सेना प्रमुख (सीओएएस) द्वारा यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। सेना मुख्यालय की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि सेवानिवृत्ति के बाद उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और समाज के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया जा रहा है।
कलम सिंह बिष्ट ने बताया कि वह सम्मान ग्रहण करने के लिए राजधानी दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। उल्लेखनीय है कि सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने देश में आयोजित कई अल्ट्रा ट्रेल रनिंग प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अनेक खिताब अपने नाम किए हैं। इसके साथ ही गत वर्ष 11 से 13 दिसंबर तक ओमान में आयोजित 120 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय अल्ट्रा ट्रेल रनिंग प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर देश का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता में 68 देशों के लगभग 4,500 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था।
इसके अलावा कलम सिंह बिष्ट पहाड़ी क्षेत्रों के युवाओं और बच्चों के लिए मन्दोली राइडर्स क्लब के माध्यम से खेल, फिटनेस, अनुशासन, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का कार्य कर रहे हैं। वे क्षेत्र के गरीब ग्रामीण बच्चों को निःशुल्क साइकिलिंग, पर्वतारोहण और लंबी दूरी की दौड़ का प्रशिक्षण भी प्रदान कर रहे हैं।
उनकी इन्हीं उपलब्धियों और सामाजिक योगदान को देखते हुए भारतीय सेना द्वारा उन्हें यह विशेष सम्मान प्रदान किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!